मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के स्वास्थ्य की जानकारी लेने SMS पहुंचे भाजपा नेता, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) में उपचार चल रहा है। वे अब स्वस्थ हैं। उनकी एंजियोप्लास्टी हो चुकी हैं। एक्सपर्ट्स ने बताया कि CM का बीमार होना पोस्ट कोविड का इफेक्ट है। इस बीच बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, सांसद रामचरण बाेहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, जयपुर शहर जिला अध्यक्ष राघव शर्मा सहित कई पदाधिकारी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए एसएमएस पहुंचे। बीजेपी नेताओं ने मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव गहलोत एवं मुख्य सचेतक महेश जोशी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम गहलाेत के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रदेश में जगह-जगह पूजा और यज्ञ किए। प्रदेश कांग्रेस सेवा दल की ओर से जंगलेश्वर महादेव मंदिर, बनीपार्क में महामृत्युंजय यज्ञ किया गया। डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा ने डूंगरपुर में महामृत्युंजय मंत्र का हवन करवाया। उपमुख्य सचेतक महेंद्र चाैधरी ने बालाजी से प्रार्थना की।राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक डॉ. शशिकान्त शर्मा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश अध्यक्ष प्यारेलाल चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा की अगुवाई में 70000 नर्सेज की ओर से एसएमएस के मुख्य द्वार पर शिव मंदिर में महामृत्युंजय जाप व यज्ञ किया।