डिटेंशन सेंटर को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी पर किए गए हमले के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उनपर चौतरफा हमला शुरू कर दिया है। दरअसल, राहुल गांधी ने अपने ट्विट के जरिए एक वीडियो शेयर किया है उसमें असम के एक डिटेंशन सेंटर का जिक्र किया गया है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट पर झूठ झूठ झूठ का हैशटैग भी लगाया है। राहुल गांधी के इस ट्विट के बाद भाजपा की ओर से इसपर जवाब दिया गया है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने अब 2011 की असम सरकार की प्रेस रिलीज ट्वीट की है, जिसमें 362 अवैध घुसपैठियों को तीन डिटेंशन कैंप में भेजने की बात कही गई है। इसके अलावा अमित मालवीय ने ट्वीट कर लिखा है कि अगर राहुल गांधी बिना वीज़ा के विदेश की यात्रा करेंगे, तो उन्हें भी वहां डिटेंशन सेंटर में डाल दिया जाएगा।
अमित मालवीय ने एक प्रेस रिलीज़ भी जारी की। अमित मालवीय ने लिखा कि 2011 में असम की कांग्रेस सरकार ने एक प्रेस रिलीज़ जारी की थी, जिसमें 362 अवैध घुसपैठियों को डिटेंशन कैंप में भेजने की बात कही गई थी। सिर्फ इसलिए कि भारत ने आपको नकार दिया है, अब क्या आप नफरत से इसे नष्ट करने में जुट जाएंगे? बता दें कि 2011 में असम में कांग्रेस की सरकार थी और तरुण गोगोई राज्य के मुख्यमंत्री थे। अमित मालवीय ने अपने ट्विट में यह भी कहा कि राहुल गांधी समय-समय पर विदेश जाते रहते हैं। एक बार वह वीज़ा लिमिट से ज्यादा वहां पर रुक कर देखे फिर किस तरह उनकी पहचान की जाती है और फिर वापस भेजने से पहले कैसे उन्हें डिटेंशन सेंटर में डाला जाता है। तब वह सीख पाएंगे कि कैसे दूसरे देश अवैध घुसपैठियों के साथ डील करते हैं।’ डिटेंशन सेंटर पर गिरिराज सिंह ने कांग्रेस को दी खुली चुनौती
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री एक हैं, वह भारत माता के प्रति समर्पित हैं। झूठ राहुल गांधी बोल रहे हैं। 2011 में किसने डिटेंशन कैंप बनाया था। अगर हिम्मत है तो मैं चुनौती देता हूं कि कांग्रेस कह दे कि हमने डिटेंशन सेंटर नहीं बनवाए हैं, मैं पद इस्तीफा दे दूंगा और नहीं तो वो हट जाएं।
बता दें कि राहुल गांधी ने गुरुवार सुबह असम के गोवालपारा में बन रहे डिटेंशन सेंटर की वीडियो ट्वीट की। साथ ही राहुल गांधी ने लिखा कि RSS का प्रधानमंत्री भारत माता से झूठ बोलता है।