जब श्मशान से लाकर पति ने पत्नी को दिया इंसानी हाथ, बोला इसे पकाओ

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक शख्स ने अपनी पत्नी को इंसानी हाथ पकाने को कहा। पति ने पास के ही श्मशान घाट से एक इंसानी हाथ लाया और अपनी पत्नी को देते हुए उसे पकाने के लिए कहा। पत्नी ने जब इंसानी हाथ देखा तो वह बेहोश हो गईं। जब होश आया तो उन्‍होंने देखा कि पति खुद उसे पकाने की तैयारी कर रहा था। इसके बाद महिला वहां से शोर मचाते हुए बाहर भागी और पति को घर में बंद कर दिया। इसके बाद उसने पड़ोसियों के साथ ही पुलिस को इसकी जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी शख्स शराब के नशे में था। आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है जो जिले के टिक्कोपुर गांव का निवासी है। इलाके के लोगों की मानें तो संजय ने हाथ को धारदार हथियार से टुकड़े-टुकड़े भी कर दिया था।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पाया गया कि युवक शराबी होने के साथ मानिसक रूप से विक्षिप्त भी है। कुछ दिन पहले ही उसने अपने पिता पर भी हमला किया था। युवक को हिरासत में लेकर इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

SHO आरसी शर्मा ने बताया कि पुलिस को संजय के घर से इंसानी मांस मिले हैं। युवक को हिरासत में लिया गया है। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि वह इसे गंगा किनारे स्थित श्मशान घाट से लाया था। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।