बड़ा दावा / इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा - हमने बना ली कोरोना वायरस की वैक्‍सीन

कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए दुनियाभर में वैक्‍सीन बनाने का काम चल रहा है। ब्रिटेन की ऑक्‍सफर्ड यूनिवर्सिटी इंसानों पर सबसे बड़ा ट्रायल कर रही है। उधर, चीन और अमेरिका में भी इंसानों पर बड़े पैमाने पर कोरोना वैक्‍सीन का ट्रायल चल रहा है। भारत की भी कई कंपनियां कोरोना का वैक्‍सीन बनाने में जुटी हुई हैं। इन सबके बीच सोमवार को इजरायल ने दावा किया कि उन्होंने कोरोना वायरस का टीका बना लिया है।

इजरायल के रक्षा मंत्री नफताली बेन्‍नेट ने सोमवार को बताया कि देश के डिफेंस बायोलॉजिकल इंस्‍टीट्यूट ने कोरोना वायरस का टीका बना लिया है। उन्‍होंने कहा कि इंस्‍टीट्यूट ने कोरोना वायरस के एंटीबॉडी को तैयार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्‍याहू के कार्यालय के अंतर्गत चलने वाले बेहद गोपनीय इजरायल इंस्‍टीट्यूट फॉर बायोलॉजिकल रीसर्च के दौरे के बाद बेन्‍नेट ने यह ऐलान किया। रक्षा मंत्री बेन्‍नेट ने बताया कि कोरोना वायरस वैक्‍सीन के व‍िकास का चरण अ‍ब पूरा हो गया है और शोधकर्ता इसके पेटेंट और व्‍यापक पैमाने पर उत्‍पादन के लिए तैयारी कर रहे हैं। रक्षा मंत्री के मुताबिक यह एंटीबॉडी मोनोक्‍लोनल तरीके से कोरोना वायरस पर हमला करती है और बीमार लोगों के शरीर के अंदर ही कोरोना वायरस का खात्‍मा कर देती है।
बयान में कहा गया है कि कोरोना वायरस के वैक्‍सीन के विकास का चरण अब पूरा हो गया है। डिफेंस इंस्‍टीट्यूट अब इस टीके को पेटेंट कराने की प्रक्रिया में है। इसके अगले चरण में शोधकर्ता अंतरराष्‍ट्रीय कंपनियों से व्‍यवसायिक स्‍तर पर उत्‍पादन के लिए संपर्क करेंगे। बेन्‍नेट ने कहा, 'इस शानदार सफलता पर मुझे इंस्‍टीट्यूट के स्‍टाफ पर गर्व है।' रक्षा मंत्री ने अपने बयान में यह नहीं बताया कि क्‍या इस वैक्‍सीन का इंसानों पर ट्रायल किया गया है या नहीं।

बेन्‍नेट ने अपने बयान में कहा कि इजरायल अब अपने नागरिकों के स्‍वास्‍थ्‍य और अर्थव्‍यवस्‍था को फिर से खोलने की प्रक्रिया में संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है। इजरायल के रक्षा मंत्री का यह दावा अगर सही है तो कोरोना से कराह रही दुनिया के लिए उम्‍मीद की किरण खुल जाएगी।दुनिया में करोना वायरस से अब तक 2 लाख 52 हजार 390 लोगों की मौत हो चुकी है। 36 लाख 45 हजार 194 संक्रमित हैं। 11 लाख 94 हजार 872 ठीक हो चुके हैं. अमेरिका में 24 घंटे में 1050 लोगों की मौत हुई है, जबकि 24 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं। देश में अब तक संक्रमण के आंकड़े 12 लाख से ज्यादा हो चुके हैं।