मध्यप्रदेश में मिले कोरोना के चार संक्रमित मरीज, मचा हड़कंप

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मध्य प्रदेश के जबलपुर से चार पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। मध्यप्रदेश में पहली बार कोरोना संक्रमित मरीजों की जानकारी मिली है। सूत्रों के अनुसार, इन मरीजों को आइसोलेट किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जबलपुर के विक्टोरिया हॉस्पिटल में बने आइसोलेशन वार्ड में इन्हें भर्ती करवाया है। बताया जा रहा है कि ये सभी मरीज जर्मनी और दुबई से यहां वापस लौटे हैं। कोरोना संक्रमण की जांच के दौरान इन चारों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार ने इस बीमारी के रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठा रही है। प्रदेश में कोरोना वायरस को सम्पूर्ण राज्य के लिये संक्रामक रोग घोषित किया गया है। इसके लिए मध्य प्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अधिसूचना जारी की थी।

आपको बता दें कि देश में कोरोना संक्रमण के कारण 4 मौतें हो चुकी हैं। कई राज्‍यों ने इस महामारी को रोकने के लिए पाबंदियां लगाई हैं। भारत में बुधवार रात तक कोरोना वायरस से लगभग 250 लोग हो गई है। जिनमें से 28 मरीजों का इलाज हो चुका है और 218 मरीजों का इलाज जारी है। वहीं 4 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पूरी दुनिया में इस वायरस की वजह से 10000 से ज्यादा मौतें हो चुकी है।