टोक्यो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता कृष्णा नागर के बैडमिंटन रैकेट की होगी नीलामी, लगी 10 करोड़ रुपए की बोली

हाल ही में जापान में टोक्यो पैरालंपिक संपन्न हुए थे जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया था और इतिहास रच दिया। इन टोक्यो पैरालंपिक में कृष्णा नागर ने बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीता था और जिस जिस रैकेट से उन्होंने गोल्ड मेडल जीता, भारत सरकार उसकी नीलामी करने जा रही हैं जिसकी अबतक 10 करोड़ रुपए की बोली लग चुकी है। नीलामी में मिली राशि से गंगा नदी पर विकास कार्य करवाए जाएंगे। भरतपुर निवासी कृष्णा नागर ने अपने सम्मान समारोह में यह जानकारी दी।

कृष्णा ने बताया कि स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने फाइनल मुकाबले का अपना रैकेट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गिफ्ट कर दिया था। इसलिए भारत सरकार अब उसकी नीलामी कर रही है। उन्होंंने कहा कि दिव्यांग हतोत्साहित ना हों, धैर्य और हिम्मत से काम लें। अगर रुचि हो तो खेलों में भाग लें। ऐसे बच्चे उनसे भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और परिवार का नाम रोशन कर सकते हैं।

नागर का मंगलवार को भूरी सिंह व्यायामशाला मेंे चुन्नी कप्तान के नेतृत्व में, किला स्थित जूडो कराटे क्लब और ब्राह्मण धर्मशाला में जिला बैडमिंटन संघ की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान बैडमिंटन संघ की सचिव रेनु लवानिया, अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कृष्णा नागर को साफा, शाल, माला पहनाकर सम्मानित किया। उनके पिता सुनील नागर का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी सत्यप्रकाश लुहाच, पोनी सॉफ्टबॉल के सचिव मनोज खटाना भी मौजूद रहे।