समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में एलपीजी की कमी को लेकर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख ने कहा कि जो लोग प्रदेश में लोगों को नौकरी और रोज़गार देने में विफल रहे, वे अब एलपीजी की आपूर्ति भी नहीं कर पा रहे हैं। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश के लोगों ने एलपीजी का नया नाम ही रख दिया है – ‘लापता गैस’।
एलपीजी की कमी को लेकर सपा अध्यक्ष का बयानअखिलेश यादव लगातार प्रदेश में एलपीजी सिलेंडरों की कमी और गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारों को लेकर सरकार पर हमलावर हैं। जब उनसे एलपीजी की कमी पर सवाल किया गया, तो उन्होंने अपने अंदाज़ में इसका जवाब देते हुए कहा:
आज का जमाना क्या है कि लोग नौकरी और रोज़गार चाहते हैं। जो लोग काम नहीं दे पाए, जो रोजगार नहीं दे पाए… अब वे एलपीजी भी नहीं दे पा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के लोगों ने तो एलपीजी का नया नाम ही रख दिया है – 'लापता गैस'। ये अब लिक्विड पेट्रोलियम गैस नहीं, 'लापता गैस' बन चुकी है।
महंगाई और वैश्विक मुद्दों पर भी निशानाअखिलेश यादव ने सिर्फ गैस ही नहीं, बल्कि डीजल-पेट्रोल और अन्य रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश को विश्व गुरु बनाने का सपना खो गया, क्योंकि सही समय पर नीतिगत फैसले नहीं लिए गए। उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर सरकार ने सही समय पर निर्णय लिए होते तो न तो इतना नुकसान होता और न इतनी जानें जाती।
विपक्ष और सरकार के बीच एलपीजी बहसकेंद्र सरकार लगातार दावा करती रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। लेकिन विपक्ष का कहना है कि अगर कमी नहीं है, तो फिर गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारें क्यों लग रही हैं और लोगों को गैस क्यों नहीं मिल पा रही है। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बयान आम जनता के बीच चिंता और बहस का कारण बने हुए हैं।