असम में जंगली हाथी ने एक शख्स पर किया हमला, पैरों से कुचला, खौफनाक Video वायरल

असम के धुबरी जिले से एक शख्स पर हाथी के हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक हाथी खेतों के बीच भागते हुए एक आदमी पर हमला कर रहा है। आसपास कुछ और भी लोग हैं, जो हाथी को भगाने के लिए तेज आवाज लगा रहे हैं। इस घटना में व्‍यक्ति बुरी तरह से घायल हो जाता है। यह घटना धुबरी में तामारहट इलाके के एक गांव की है। हाथी ने जिस व्यक्ति पर हमला किया, उसकी उम्र 30 साल बताई जा रही है। घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

समाचार एजेंसी ANI के अनुसार हाथी के हमले की यह घटना असम के धुबरी जिले की है। यहां के तमारहाट क्षेत्र में कुछ लोग खेतों पर काम कर रहे थे। इस बीच वहां एक हाथी ने हमला बोल दिया। यह हाथी दौड़ते हुए हमला करते दिख रहा है। हाथी के हमले से बचने के लिए व्यक्ति दौड़ते-दौड़ते गिर जाता है। वह दोबारा खड़ा होता है और भागता है, लेकिन फिर गिर जाता है। एक बार और वह उठने की कोशिश करता है, तब तक हाथी उसके पास आ जाता है। हाथी उस पर कई बार हमले करता है।

18 दिसंबर को हुई इस घटना को लेकर वन अधिकारियों का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है। गांव के लोगों को अब डरने की जरूरत नहीं है, हालांकि सावधानी बरतनी होगी।