राजस्थान : अशोक गहलोत ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, पायलट बने डिप्टी सीएम

विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद सोमवार को अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इनके साथ ही सचिन पायलट (Sachin Pilot) राज्य के डिप्टी सीएम बने। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने गहलोत और पायलट को शपथ दिलायी। इस ऐतिहासिक मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विपक्षी नेता भी मंच पर साथ नजर आए। बता दें कि अशोक गहलोत 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री बने और 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। वहीं, उप-मुख्यमंत्री बने पायलट फिलहाल राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। वह लोकसभा सदस्य और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह अपने जमाने में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत राजेश पायलट के पुत्र हैं। अशोक गहलोत के शपथ ग्रहण समारोह में 2019 आम चुनाव के मद्देनजर विपक्षी एकजुटता की तस्वीर भी नजर आई। गैर-बीजेपी दलों के नेताओं में आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला, एनसीपी नेता शरद पवार, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, झामुमो के हेमंत सोरेन और जनता दल सेकुलर से एचडी देवेगौड़ा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी भी मंज पर नजर आए।

दरहसल, राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलने के बाद मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर लंबी खींचतान हुई। गहलोत और पायलट दोनों इस पद की दौड़ में शामिल थे। मैराथन बैठकों और गहन मंथन के बाद गत 14 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष ने गहलोत को मुख्यमंत्री और पायलट को उप मुख्यमंत्री नामित करने का फैसला किया। गहलोत और पायलट के शपथ के बाद अब भोपाल में कमलनाथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं शाम करीब चार बजे भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ सीएम की शपथ लेंगे। इन तीनों राज्यों में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस सरकार बना रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तीनों ही राज्यों में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। इन तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार थी।

वसुंधरा ने भी शिरकत

राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में निवर्तमान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हुईं। राजे नए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट से पहले ही मंच पर नजर आईं। इसके बाद जब गहलोत और पायलट मंच पर पहुंचे तो उन्होंने वसुंधरा से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया। सचिन पायलट ने शीष झुकाकर पूर्व मुख्यमंत्री राजे का आशीर्वाद लिया।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा भी नजर आया। राजस्थान के चुनाव प्रभारी अविनाश पांडे और सह-प्रभारी काजी निजामुद्दीन समेत वरिष्ठ नेता व पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल भी यहां नजर आए। इनके अलावा आनंद शर्मा, मल्लिकार्जुन खड़गे, राजीव शुक्ला और राज बब्बर जैसे वरिष्ठ नेता भी पहुंचे।