CM गहलोत ने ट्वीट कर चुनाव आयोग से की मांग, कोरोना कहर में राजनीतिक पार्टियों की रैलियों पर तुरंत लगे रोक

कोरोना का कहर जारी हैं जहां हर दिन संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट भी तेजी से फ़ैल रहा हैं। इस खतरे को देखते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर चुनाव आयोग से राजनीतिक पार्टियों की रैलियों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की हैं। आने वाले दिनों में पांच राज्यों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग कभी भी चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। जिसको लेकर विभिन्न राजनितिक पार्टियां चुनावी रैलियां कर रही हैं। गहलोत ने ट्वीट कर लिखा है कि चुनाव टाले नहीं जा सकते हैं, लेकिन रैलियों की जगह प्रचार के दूसरे तरीकों का इस्तेमाल होना चाहिए।
गहलोत ने कहा है कि आज इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का जमाना है। इसलिए प्रचार भी आईटी और सोशल मीडिया पर आधारित होना चाहिए। चुनाव आयोग टीवी, रेडियो जैसे कम्युनिकेशन मीडियम पर सभी पॉलिटिकल पार्टियों को टाइम स्लॉट बांट दे। जिससे सभी पार्टियों को प्रचार करने का बराबर मौका मिल सके। बड़ी रैलियों की जगह कोविड प्रोटोकॉल के तहत घर-घर प्रचार किया जाए।गहलोत ने लिखा है कि देश के ज्यादातर लोग अभी तक कोविड की दूसरी लहर के भयानक हालातों को भूले नहीं हैं। पिछले साल अप्रैल-मई के महीने में किस तरह अस्पतालों में बेड तक नहीं मिल रहे थे। ऑक्सीजन की कमी के कारण लोगों की तड़पते हुए मौत हुई। अब देश के सामने कोरोना की तीसरी लहर है। विशेषज्ञों के मुताबिक ओमिक्रॉन आगे जाकर क्या नया रूप लेगा, यह अभी किसी को मालूम नहीं है।