सीकर सदर थाना पुलिस ने एक रंगरसिया को गिरफ्तार किया हैं जो सोशल मीडिया के जरिए लड़कियों से दोस्ती करता था और फिर उन्हें फंसाकर उन्हें धोखा दे देता था। आरोपी करौली जिले का रहने वाला है और धोद की युवती के साथ तीन महीने तक दिल्ली में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी दो युवतियों के साथ ऐसी ही वारदात कर चुका है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन तक पुलिस रिमांड पर लिया है।
थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पुष्पेंद्र जोशी है। पुष्पेंद्र करौली के करणपुर गांव का रहने वाला है। युवती धोद की रहने वाली थी और एमए कर रही थी। सितंबर 2020 में परीक्षा देने के बहाने युवती सीकर कस्बें में आई और सोशल मीडिया के जरिए दोस्त बने पुष्पेंद्र के साथ दिल्ली चली गई। दोनों तीन माह से साथ रह रहे थे।परिजनों की शिकायत पर युवती की लोकेशन दिल्ली आई तो पुलिस ने दबिश दी। पुलिस युवती को लेकर सीकर लौट आई। जहां पर युवती ने बाद में पुष्पेंद्र पर बहला फुसलाकर शादी का झांसा देते हुए बलात्कार करने का आरोप लगाया है।
आरोपी पुष्पेंद्र घर और अन्य लोगों को फोन नहीं करता था। वह इंटरनेट के जरिए ही ऑनलाइन बातचीत करता था। कुछ दिन पहले ही उसने अपने किसी परिचित का फोन किया और सिम को तोड़कर फैंक दिया। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली और दिल्ली स्थित उसके किराए के मकान तक पहुंच गई। आरोपी पुष्पेंद्र स्वयं को पैसे वाला बता व अच्छे-अच्छे फोटो डाल युवतियों को फंसाता है। युवती को अपने साथ भगाने के लिए राजी कर लेता है। आरोपी युवक इससे पहले दो युवतियों को फंसा चुका हैं।