भरतपुर : विधायक विश्वेन्द्र सिंह के खिलाफ उन्हीं के बेटे अनिरुद्ध ने दी शिकायत, बताया अपनी जान का खतरा

भरतपुर के डीग कुम्हेर विधायक विश्वेंद्र सिंह और उनके बेटे अनिरुद्ध सिंह दोनों के बीच अपनी पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर विवाद चल रहा था और एक बार फिर दोनों के बीच तनाव सामने आया हैं जहां विधायक विश्वेन्द्र सिंह के खिलाफ उन्हीं के बेटे अनिरुद्ध ने शिकायत दी हैं कि उनके पिता की कोर टीम उन्हें जान से मारने की धमकी दे रही हैं और अगर उन्हें कुछ भी होता हैं तो उनके पिता ही इसके लिए जिम्मेदार होंगे। SP देवेंद्र विश्नोई ने कहा की अनिरुद्ध सिंह ने एक शिकायत दी है, जिसमें एक कोर टीम का जिक्र किया गया है। इस शिकायत की जांच CO सिटी सतीश वर्मा को दे दी गई है। वही पता लगाएंगे की कोर टीम में कौन-कौन शामिल है।

अनिरुद्ध सिंह ने भरतपुर SP, पुलिस महानिरीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा और डीजी जेल मालिनी अग्रवाल को शिकायती पत्र दी है। अनिरुद्ध सिंह ने परिवाद में एक कोर कमेटी का जिक्र किया है। परिवाद में अनिरुद्ध सिंह ने लिखा है कि… मैं इस पत्र के माध्यम से यह जानकारी देना चाहता हूं कि मेरे पिता डीग-कुम्हेर विधायक विश्वेन्द्र सिंह की कोर कमेटी के द्वारा मुझे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मैं और मेरे साथ रहने वाली टीम के लिए खतरा साबित हो सकता है। कृपया इस शिकायत पर संज्ञान लें। अगर मुझे कोई भी शारीरिक क्षति होती है तो उसके जिम्मेदार ये लोग होंगे। यह भी लिखा है कि यदि किसी भी व्यक्ति को किसी के भी द्वारा धमकियां दी जाती हैं तो उसे पुलिस में शिकायत देनी चाहिए वही मैंने किया है।