अमेरिका में कंप्यूटर सिस्टम में आई बड़ी खराबी, सभी उड़ानें ठप, सरकार ने कहा- पता नहीं यह कब ठीक होगी

अमेरिका में बुधवार को सभी फ्लाइट्स ठप हो गई हैं। इससे बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। तकनीकी गड़बड़ी की वजह से करीब 760 उड़ान सेवाएं लेट हैं। सिविल एविएशन की वेबसाइट पर इस बात की पुष्टि की गई है। अमेरिकी समय के मुताबिक, सुबह करीब 5:31 बजे यह टेक्निकल फॉल्ट सामने आया। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि इसकी वजह क्या है। एविएशन की वेबसाइट पर कहा गया- टेक्निकल स्टाफ सिस्टम को दुरुस्त करने में जुटा है।

अमेरिका के फेडरल एविएशन एजेंसी ने एक एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा- NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन्स) सिस्टम ‘फेल’ हो गया है। हम ये नहीं कह सकते कि ये कब तक ठीक होगा। हालांकि, इसे जल्द ठीक करने की कोशिशें जारी हैं।

NBC न्यूज के मुताबिक, करीब 400 फ्लाइट्स देरी से ऑपरेट की जा रही हैं। इनमें डोमेस्टिक और अब्रॉड के फ्लाइट्स ऑपरेशन्स शामिल हैं। स्काय न्यूज के मुताबिक- कुल मिलाकर अब तक 760 फ्लाइट रद्द हुईं या देरी से ऑपरेट की जा रही हैं। फ्लाइट ट्रैकर FlightAware.com के मुताबिक- 91 फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं। FAA ने नए बयान में कहा- यह कंप्यूटर सिस्टम में आए टेक्निकल फॉल्ट की वजह से हुआ है। खराबी का पता चल गया है। फ्लाइट ऑपरेशन्स जल्द रीस्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

NOTAM को यूं समझिए NOTAM या नोटिस टू एयर मिशन्स दरअसल, पूरे फ्लाइट ऑपरेशन का सबसे अहम हिस्सा है। इसके जरिए ही फ्लाइट्स को टेकऑफ या लैंडिंग की जानकारी मिलती है।

NOTAM रियल टाइम डेटा लेकर एयरपोर्ट ऑपरेशन्स या एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को देता है। इसके बाद एटीसी इसे पायलट्स तक पहुंचाते हैं। इसी सिस्टम के जरिए नैचुरल डिजास्टर्स और दूसरी दिक्कतों को भी मॉनिटर किया जाता है।