हरियाणा के बाद 27.1% दर के साथ राजस्थान रहा देश में सबसे ज्यादा बेरोजगार

देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही हैं और कोरोना के बाद तो इसमें बहुत इजाफा देखने को मिल रहा हैं। देश की बेरोजगारी दर बीते दिसंबर में 7.91% पर पहुंच गई। यह 4 महीने का उच्चतम स्तर है। राजस्थान की बात करें तो हरियाणा के बाद यह देश का दूसरा राज्य है जहां सबसे ज्यादा बेरोजगारी हैं। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (CMIE) के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2021 में हरियाणा (34.1%) के बाद सर्वाधिक 27.1% बेरोजगारी दर राजस्थान में रही। राजस्थान के आंकड़े बेहद चिंताजनक हैं।

यही नही पिछले एक साल में 10 महीने में प्रदेश की बेरोजगारी दर 20% से अधिक रही है। सिर्फ जनवरी 2021 में 17.7% व सितंबर 2021 में ही 17.9% पर रही थी। सीएमआईई के सीईओ डाॅ. महेश व्यास बोले- दिसंबर में 85 लाख लोग रोजगार के लिए श्रम बाजार में आए। इनमें से 40 लाख को रोजगार मिला, 45 लाख को नहीं मिला। बेरोजगारी के मामलों में शहरों की स्थिति ज्यादा खराब है, यहां बेरोजगारी दर 9.30% है, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह 7.28% है।

यहां सबसे कम दर

कर्नाटक - 1.4
गुजरात - 1.6
ओडिशा - 1.6
छत्तीसगढ़ - 2.1
तेलंगाना - 2.2

यहां सबसे ज्यादा दर


हरियाणा - 34.1
राजस्थान - 27.1
झारखंड - 17.3
बिहार - 16.0
जम्मू-कश्मीर - 15.0