कोरोना के साथ-साथ अब बढ़ते पेट्रोल-डीजल और खाद्य तेल के दामों ने आम आदमी की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। पिछले एक साल के दौरान सरसों तेल का भाव करीब दोगुना हो चुका है। ऐसे में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बढ़ते सरसों के तेल को लेकर सफाई दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि सरसों का तेल थोड़ा महंगा हुआ है क्योंकि उसमें सरकार ने मिलावट को बंद किया है। हालांकि उन्होंने कहा कि ये भारत सरकार का बहुत महत्वपूर्ण फैसला है और इसका फायदा देशभर के तिलहन और सरसों में काम करने वाले किसानों को होने वाला है। उन्होंने कहा कि अब तेल में किसी प्रकार की कोई मिलावट नहीं होगी इसलिए दाम बढ़ाए गए हैं। बीजेपी का मानना है कि इसका फायदा तिलहन और सरसों में काम करने वाले किसानों को होगा।
आपको बता दे, केवल सरसों तेल ही नहीं बल्कि मूंगफली, सूरजमुखी, डालडा और रिफाइंड जैसे दूसरे खाद्य तेलों के दाम में भी इजाफा देखने को मिला है।
इस साल जिस सरसों तेल का भाव 170 से 180 रुपये प्रति लीटर चल रहा है, वही सरसों तेल पिछले साल मई के दौरान 120-130 रुपये के करीब था। ऑनलाइन मार्केट में ब्रांडेड कंपनियां कच्ची घानी सरसों तेल को 175 से 180 रुपये प्रति लीटर के भाव से बेच रही है।इसी प्रकार सोयाबीन रिफाइंड ऑयल की बात करे तो पिछले साल इसके दम 120 रुपये प्रति लीटर थे अब यह बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए है।
इसी तरह पिछले साल मई में 132 रुपये प्रति लीटर बिकने वाले सूरजमुखी तेल अब 200 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है इसी प्रकार वनस्पति तेल का दाम पिछले साल 100 रुपये प्रति लीटर था। अब यह 140 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए है।