धौलपुर : आई नींद की झपकी और डिवाइडर से टकराकर पलट गई कार, चार दोस्तों में से एक की मौत

आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर एक हादसा देखने को मिला जहां चार दोस्त नए साल में कैला माता के दर्शन करने जा रहे थे और इस दौरान नींद की झपकी आने से कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तीन घायल दोस्तों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने युवकों के घरवालों को हादसे की जानकारी दी। उनके आने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। कार को जब्त किया गया है।
मनिया थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि आगरा के रहने वाले चार दोस्त आर्य (30), रवि (35) , सोनू (39) और ललित (35) नए साल पर करौली कैला माता के मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर कार चला रहे ललित को नींद की झपकी आ गई। कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर जाकर और कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ललित को मृत घोषित कर दिया।