कोटा : किसान ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के लिए निकला 40 गाड़ियों का जत्था

कृषि कानून के खिलाफ देशभर के किसान आर-पार के मूड में हैं। 26 जनवरी को किसानों के सयुंक्त मोर्चा ने ट्रैक्टर रैली का आह्वान किया है। रैली में शामिल होने के लिए देश के कोने कोने से किसान दिल्ली पहुंच रहे हैं। हाडौती संभाग से भी किसानों का काफिला दिल्ली रैली में शामिल होने के लिए निकल गया है।

अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति की अगुवाई में करीब 40 वाहनों के जत्थे ने दिल्ली की ओर कूच किया। वेस्टर्न सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन (डब्ल्यूसीआरईयू) के जोनल महामंत्री मुकेश गालव ने वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान फूलों की वर्षा कर किसानों की हौसला अफजाई भी की गई।

संघर्ष समिति के दुलीचन्द बोरदा ने बताया कि आमदनी सुनिश्चित करने व एमएसपी लागू करने को लेकर किसान लम्बे समय से मांग कर रहा है। उसके बाद भी सरकार अड़ियल रुख अपना कर किसानों पर काला कानून थोप रही है। कृषि कानून को लेकर किसानों में भारी रोष है। 26 जनवरी को ट्रेक्टर रैली में शामिल होने के लिए कोटा, बूंदी, बारां सहित हाडौती सम्भाग की तहसीलों से किसानों का जत्था रवाना हुआ है। हाडौती सम्भाग के करीब 300 किसान व समर्थक 40 वाहनों में सवार होकर दिल्ली जा रहे है।