कोतवाली इलाके में एक लड़के द्वारा बार-बार परेशान करने पर एक युवती ने शनिवार शाम को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने मृतका खेजड़ों का रास्ता निवासी अंजली प्रजापति (21) के शव को एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां पर कोविड जांच के बाद रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस को मृतका के पास एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें लिखा हुआ था कि साहबुद्दीन नाम को लड़का उन्हें बार-बार अश्लील बातें करके परेशान कर रहा है।
इस संबंध में मृतका के पिता उम्मेद प्रजापति ने कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने उक्त सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमे आरोपी गलता गेट निवासी साहबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है। मृतका बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। घटना से परिवार सहित आसपास के लोगों में आक्रोश है।