भरतपुर : जन्मदिन के दिन हुआ छात्र के साथ दर्दनाक हादसा, सिर को कुचलता हुआ निकला ट्रॉली का पहिया

भरतपुर में शुक्रवार को एक भीषण हादसा देखने को मिला जिसमें 8वीं के छात्र 12 वर्षीय यश चौधरी की मृत्यु हो गई। इस दिन यश का जन्मदिन था और उसका परिवार जन्मदिन मनाने की तैयारियों में जुटा था। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे मिट्टी से भरी ट्रेक्टर-ट्रॉली ने हीरादास से काली की बगीची जाने वाले मार्ग पर नीम दा गेट के पास यश को टक्कर मार दी। अत्यधिक खून बहने से उसकी मृत्यु हो गई। एक्सीडेंट के बाद भीड़ होने के कारण पिटने के डर से ड्राइवर ट्रेक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। यह ट्रेक्टर-ट्रॉली रुधिया नगर में रहने वाले हिम्मत सिंह की है।

दुर्घटना के वक्त बालक सोनी टावर स्कूल से क्लास में जन्मदिन की खुशी में टॉफी बांटकर दोस्त की स्कूटी पर घर लौट रहा था। खास बात यह है कि 4 बहनों के बीच इकलौते भाई यश का शुक्रवार को जन्मदिन भी था। इसीलिए करौली से हैड कांस्टेबल पिता देवेंद्र चौधरी भी जसवंत नगर में घर आए हुए थे। लेकिन, एक दुर्घटना ने खुशियां ही छीन लीं। इस दुर्घटना में यश के दोस्त उदित को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना उस वक्त हुई जब रेता-मिट्टी भरकर काली की बगीची की ओर जा रही ट्रेक्टर-ट्रॉली को ड्राइवर ने कट कॉलोनी की ओर मोडा। तभी बच्चों की स्कूटी उसकी चपेट में आ गई। ट्रॉली का पिछला पहिया 12 वर्षीय यश के सिर को कुचलता हुआ निकल गया।