शुक्रवार को जोधपुर के मेगा हाइवे पर सरहदी बाड़मेर के सिणधरी क्षेत्र में भीषण हादसा देखने को मिला जिसमें रिफाइंड ऑयल से भरा एक टैंकर पुल से नीचे गिर गया। टैंकर के नीचे गिरते ही इसमें आग लग गई और यह आग का गोला बन जलने लगा। गनीमत रही कि ड्राईवर ने समय पर छलांग लगा दी जिससे उसकी जान बच गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास किए गए।
सिणधरी से होकर निकलने वाले मेगा हाइवे पर गादेसरा के निकट एक पुल से होकर निकलते समय तेज रफ्तार के कारण टैंकर अनियंत्रित हो गया। चालक नियंत्रण खो बैठा। टैंकर पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए करीब बीस से पच्चीस फीट नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही इसमें भरे रिफाइंड ऑयल में रिसाव शुरू हो गया। रिसाव शुरू होने के साथ ही इसमें आग लग गई। आग तेजी से फैलना शुरू होने से पहले चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चोटिल होने के बावजूद ट्रक से बाहर कूद गया। रिफाइंड ऑयल के कारण देखते ही देखते ट्रक आग के गोला बन गया। बाद में पुलिस ने क्षेत्र के लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।