कोटा रेल मंडल ने रचा इतिहास, 54 हजार बिना टिकट यात्रिओं से वसूला 3.61 करोड़ जुर्माना

कोटा रेल मंडल ने नवंबर महीने में इतिहास रचा हैं जहां अनियमित यात्रा करने वालों तथा सामान बुक किए बिना रेल सफर करने वालों के विरुद्ध चलाए गए अभियानों के परिणामस्वरूप 54889 लोगों से 3 करोड़ 61 लाख 45 हजार 390 रुपए का जुर्माना वसूल किया। कोटा मंडल के इतिहास में यह जुर्माना वसूली सर्वाधिक है। इससे पहले जून 2021 में यानि इसी वित्तीय वर्ष में 37003 मामले पकड़ 2 करोड़ 73 लाख 33 हजार 130 रुपए का जुर्माना वसूला था। इस तरह महज चार माह के अंतराल में ही कोटा मंडल ने सर्वाधिक जुर्माना वसूली का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

कोटा मंडल के 61 साल के इतिहास में पहली बार इतना भारी जुर्माना वसूला है। इस उपलब्धि के लिए प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मुकुल सरन माथुर तथा मंडल रेल प्रबंधक कोटा पंकज शर्मा ने मंडल के सभी टिकट चैकिंग स्टाफ को बधाई दी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजय कुमार पाल ने बताया कि प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मुकुल सरन माथुर के निर्देश पर तथा मंडल रेल प्रबंधक पंकज शर्मा के मार्गदर्शन में टिकट चेकिंग स्टाफ ने मंडल के सभी रेल खंडों में निरंतर बेटिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाए। नागदा-कोटा, कोटा-मथुरा खंड में विभिन्न रेलवे स्टेशनों तथा मंडल से गुजरने वाली सभी यात्री गाड़ियों में चैकिंग के अलावा अंबुश चैक, इंटेंसिव चैक तथा अन्य टिकट चैकिंग अभियान चलाए।