कोटा : 97 साल की बुजुर्ग महिला ने दी कोरोना को मात, ऑक्सीजन लेवल 81 और 40% फेफड़े थे खराब

कोरोना का बुरा दौर जारी है जो हर दिन कई लोगों को अपना शिकार बना रहा हैं। सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्ग लोगों को माना जा रहा हैं। लेकिन इस बीच कई मामले ऐसे सामने आ रहे हैं जहां कई बुजुर्ग कोरोना को मात देते हुए ठीक हो रहे हैं। इससे जुड़ा एक मामला सामने आया कोटा से जहां 97 साल की बुजुर्ग महिला चंदा देवी ने 5 दिन अस्पताल में भर्ती रहते हुए कोरोना को हराया हैं। महिला का ऑक्सीजन लेवल 81 था और फेफड़े भी 40% खराब हो चुके थे। इस महिला ने तमाम विषम परिस्थितियों के बावजूद कोरोना को मात दी और स्वस्थ होकर घर लौटी है। चंदा देवी के बेटे हरसम भाई ने बताया कि वो सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं। परिवार में 7 सदस्य हैं। 14 मई को मां को बुखार की शिकायत हुई थी। बूंदी में ही डॉक्टर को दिखाया। 17 मई को HRCT करवाई तो सीटी स्कोर 10 आया। RTPCR जांच कराने के बजाय वो सीधा इलाज के लिए कोटा पहुंचे। 5 दिन तक अस्पताल में इलाज चला।

बुखार आने के 3 दिन में ही महिला का ऑक्सीजन सेचुरेशन 81 पहुंच गया था। 3 दिन में मरीज के 40 प्रतिशत फेफड़ों में संक्रमण फैल चुका था। सीटी स्कोर 10/25 था। मरीज ने समय पर अपना इलाज करवाया। 5 दिन में महिला का ऑक्सीजन सेचुरेशन 93 आ गया। अब महिला बिल्कुल स्वस्थ है। रविवार को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।

श्वास रोग विशेषज्ञ डॉक्टर केवल कृष्ण डंग ने बताया कि 97 साल की चंदा देवी, बूंदी के वैशाली नगर पुलिस लाइन रोड की रहने वाली हैं। उन्हें 6 दिन से बुखार था। परिजन 18 मई को अस्पताल लाए थे। महिला को सांस में तकलीफ थी। उसका सीटी स्कोर 10 था, जबकि सेचुरेशन 81 रह गया था। 5 दिन अस्पताल में भर्ती रहीं। रेमडेसिविर इंजेक्शन सहित जरूरी दवाइयां दी। उसे आईसीयू व वेंटिलेटर पर लेने की जरूरत नहीं पड़ी। शनिवार को बिना ऑक्सीजन के महिला का सेचुरेशन 92-93 आ गया। आज उनको डिस्चार्ज किया गया।