टोंक : 17 अप्रैल के बाद बीते दिन आए सबसे कम संक्रमित, सौ से ऊपर ही रहा हमेशा आंकड़ा

कोरोना के आंकड़े हर दिन बढ़-चढ़कर सामने आ रहे थे और बीते कई दिनों से यह आंकड़ा सौ से ऊपर ही रहा था। लेकिन बीते दिन शनिवार को 17 अप्रैल के बाद से सबसे कम संक्रमित पाए गए। जिले में इस माह के सबसे कम 93 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। उल्लेखनीय है कि 17 अप्रैल के बाद से 25 अप्रैल तक एवं उसके बाद से अब तक एक भी दिन ऐसा नहीं गया कि कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सौ से कम रहा हो। इसमें टोंक शहर में 28, टोंक ग्रामीण में 17, निवाई में 28, टोडारायसिंह में 13, मालपुरा व उनियारा में दो-दो केस सामने आए। जबकि देवली में शनिवार को एक भी केस सामने नहीं आया। शनिवार को 174 केस रिकवर हुए। इसमें 169 होम आइसोलेशन में थे तथा 5 केस अस्पताल में रिकवर हुए हैं।

उम्मीद है कि लोगों की सावधानी भी अब इसको आगे बढने नहीं देगी। हालांकि गत कुछ दिनों से सेंपल भी कम ही लिए जा रहे हैं। केस कम आना इसका भी कारण हो सकता है लेकिन फिर भी भयावह माहौल में आंकड़े में गिरावट राहत का संकेत कहा जा सकता है। शनिवार को 93 पॉजिटिव केस सामने आए। जिले में अब तक 7175 पॉजिटिव केस रिकवर हो चुके हैं। जिले में गत अप्रैल से अब तक 8684 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इसमें गत वर्ष 3728 केस सामने आए थे। बाकी 4 हजार 956 केस इस साल सामने आए हैं।

राजस्थान में गिरती जा रही संक्रमित केसों की संख्या, मिले 13,565 नए पॉजिटिव, 149 की मौत

कोरोना की दूसरी लहर का कहर अब धीमा होता नजर आ रहा हैं जहां संक्रमितों के आंकड़ों में गिरावट सामने आई हैं। पिछले 24 घंटे में 13,565 नए केस मिले हैं, जबकि 149 लोगों की मौत हुई। शनिवार को कुल 17,481 लोग रिकवर हुए हैं। खास बात ये रही कि आज चार जिलों में पॉजिटिव केसों की संख्या 100 से कम रही। वहीं अच्छी खबर ये है कि रिकवर मरीजों की संख्या पॉजिटिव केसों की संख्या से ज्यादा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट देखें तो जो मरीज आए हैं, वह 20 अप्रैल के बाद आए मरीजों में सबसे कम हैं। 20 अप्रैल को 12,201 पॉजिटिव मिले थे, जिसके बाद मरीजों की संख्या 14 हजार से ज्यादा ही आई है।

भारत में कोरोना : थमती दिखाई दे रही संक्रमण की दूसरी लहर, चिंता का सबब बनी मौतें

देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर अब थमती दिखाई दे रही है। हालाकि, रोजाना होने वाली मौतें अभी भी चिंता का सबब बनी हुई है। शनिवार को मिले मरीजों के आंकड़ो पर नजर डाले तो देश में 3 लाख 10 हजार 580 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। बीते दिन कुल 3 लाख 62 हजार 367 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 55,931 की कमी हुई। यह इस साल एक्टिव केस में होने वाली सबसे बड़ी गिरावट है। लेकिन इस दौरान 4,075 लोगों की कोरोना की वजह से मौत भी हुई है। यह मई में 6ठी बार है, जब एक दिन में चार हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। कोरोना के दूसरी लहर थमने के संकेत पॉजिटिविटी रेट से भी मिल रहे हैं। पिछले 7 दिनों में पॉजिटिविटी रेट में भी कमी आई है।