सीकर : क्रेडिट कार्ड से जालसाजी का मामला, बिना खरीदारी के पार हाे गए 80 हजार रुपए

क्रेडिट कार्ड से बिना खरीदारी और लेनदेन के करीब 80 हजार रुपए निकल जाने का मामला आया है। पीड़ित ने इसकी रिपोर्ट उद्याेग नगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार शांति नगर देवीपुरा की रहने वाली महिला विकास ने मुकदमा दर्ज कराया है कि उसके नाम से एसबीआई रीकाे क्षेत्र की शाखा से क्रेडिट कार्ड जारी किया हुआ है।
इस कार्ड के जरिए 17 नवंबर 2020 से अभी तक किसी भी प्रकार की खरीदारी और लेनदेन नहीं किया गया है। बावजूद इसके उसके रजिस्टर्ड माेबाइल नंबर पर 31 दिसंबर काे फ्लिपकार्ट के माध्यम से 64978 रुपए के लेनदेन का मैसेज मिला। दाे जनवरी काे पीड़िता ने क्रेडिट कार्ड टाेलफ्री नंबर पर काॅल कर फ्राॅड लेनदेन की सूचना देकर क्रेडिट कार्ड ब्लाॅक करवा दिया।महिला द्वारा लेनदेन का स्टेटमेंट जांच करने पर 89978 रुपए अनबिलिटिड आउट स्टेंडिंग बताया जा रहा है, जबकि उसके द्वारा किसी प्रकार का लेनदेन नहीं किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई जितेंद्र काे साैंपी है।