जयपुर के वीकेआई इलाके से दोपहर के समय एक बच्ची गायब हो गई थी जिसकी लाश उसके चाचा के घर पर मिली हैं। पुलिस को चाचा पर शक हैं और उससे पूछताछ की जा रही हैं। पुलिस ने बच्ची से दुष्कर्म की भी आशंका जताई जिसकी सच्चाई पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकती हैं। आज पुलिस बच्ची के शव का कांवटिया अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाएगी। इसके बाद साफ हो सकेगा कि बच्ची को कैसे मारा गया।
बच्ची के मिलने के बाद विश्वकर्मा थाना पुलिस ने उसके चाचा को कल रात ही हिरासत में लिया था। फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है। माना जा रहा है कि आज शाम तक इस केस में पुलिस खुलासा करेगी। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत के निर्देशन में थानाप्रभारी हीरालाल सैनी केस की जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि वीकेआई इलाके में अखेपुरा में रहने वाली 7 वर्षीया बच्ची मंगलवार दोपहर 12 बजे अचानक लापता हो गई थी। काफी देर इधर-उधर तलाश करने के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला तब उसके पिता ने शाम 5 बजे वीकेआई थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद थानाप्रभारी मौके पर पहुंचे। परिजनों के बयान लिए। आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज चेक किए।तब सामने आया कि बच्ची अक्सर उसके घर से कुछ दूर रहने वाली अपनी दादी के पास खेलने जाया करती थी। संदेह होने पर पुलिस टीम बच्ची के चाचा के घर पहुंची। वहां तलाश शुरू की। तब बच्ची का शव वहां एक कमरे में लोहे के ड्रम के नीचे दबी मिली। पुलिस का संदेह चाचा पर हुआ, क्योंकि वह शराब पीने का आदी है। वह बयान बदलता रहा। तब हत्या का शक चाचा पर होने से उसे पुलिस थाने ले गई। लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।