जोधपुर में कोरोना ने मचाया कोहराम, सामने आए रिकॉर्ड 599 नए संक्रमित

कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है और कोरोना की दूसरी लहर का दायरा तेजी से फैल रहा हैं। आज शनिवार को जोधपुर में कोरोना ने कोहराम मचाया और रिकॉर्ड 599 नए संक्रमित मामले सामने आए। वहीं आज सिर्फ 53 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या कम है। आज जिले के भीकमकोर क्षेत्र के करनाणियों की ढाणी में एक साथ 36 कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कंप मच गया। करीब चालीस घरों वाले इस गांव में प्रत्येक घर के लोगों की जांच की जा रही है। साथ ही सभी को आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी गई है।

इस साल अब तक 5,841 संक्रमित मिल चुके है। वहीं अप्रैल महीने के पहले 10 दिन में यह संख्या बढ़कर 2,994 तक जा पहुंची है। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ एमडीएम अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। आज दोपहर तक वहां 201 मरीज भर्ती थे।

जोधपुर में संक्रमितों की संख्या में आई तेजी से रोजाना रिकॉर्ड बनते जा रहे हैं। नए मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ ही एमडीएम अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या तेजी पकड़ चुकी है। कोरोना के तीन सौ मरीजों की क्षमता वाले इस अस्पताल में आज दोपहर तक 201 मरीज भर्ती थे। हालांकि करीब बीस मरीजों को शाम तक ठीक होने पर घर भेज दिया गया। वहीं शाम तक कुछ नए मरीज भी भर्ती हो गए।