कोरोना संक्रमण नियंत्रण में आ रहा हैं और कोरोना का ग्राफ लगातार गिर रहा हैं। हांलाकि बुधवार को केस बढ़कर 50 से ऊपर 58 पर पहुंच गए जो कि मंगलवार को 50 से नीचे था। जयपुर में महज एक जगह 15 केस आए और अन्य सभी जगह 10 से कम केस आए हैं। वहीं कोविड अस्पतालों में भी केस कम हो गए हैं और सबसे बड़े कोविड सेंटर आरयूएचएस में भी 160 मरीज ही भर्ती हैं। इसके अलावा 78 पेशेंट आईसीयू में हैं। जयपुरिया में भी केवल 17 कोविड केस वार्डों में और 5 मरीज आईसीयू में हैं। दूसरी ओर, एसएमएस को भी कोविड फ्री करने की तैयारी चल रही है और संभवतया महीने के अंत तक इसे पूरी तरह कोविड फ्री कर दिया जाएगा। इससे न केवल काेविड मरीज एक ही जगह होंगे बल्कि अन्य बीमारियों के मरीजों को भी इलाज मिलना शुरू होगा।
कोविड बढ़ने पर अस्पतालों के स्टाफ की ड्यूटी आरयूएचएस में लगाई गई थी, उन्हें अब मूल स्थान पर भेज दिया गया है। विनीता शेखावत को जनाना, सरिता को एसएमएस, रिंकी वर्मा को मनोचिकित्सा केन्द्र, स्नेहलता, पूनम खन्ना, परमेश्वरी, सरोज को जेके लोन, पूनम सांखला, राकेश यादव, मीना राठौड़ रीना शर्मा और प्रीति सैनी को जनाना भेज दिया गया है।
राजस्थान में 62.70% नए मरीजों में हुआ इजाफा, इकाई के अंक में पहुंचा मौतों का आंकड़ा
कोरोना का कहर अभी तक थमा नहीं हैं और प्रदेश में पिछले 24 घंटे में पहली बार 62.70 प्रतिशत मरीज बढ़ने से चिंता बढ़ गई हैं। मंगलवार को राजस्थान में 172 रोगी मिले थे, जो बुधवार को बढ़कर 280 हो गए। हालांकि राहत यह रही कि इस दौरान मौतों की संख्या में गिरावट देखी गई और मौतों का आंकड़ा इकाई के अंक में पहुंच गया। 928 नए रिकवर के साथ रिकवरी दर अब 98.54 प्रतिशत है। प्रदेश में अब एक्टिव मरीज 5 हजार से नीचे 4,962 रह गए हैं। 24 घंटों के दौरान 43972 नई जांचों पर संक्रमण दर 0.63 प्रतिशत रही है।