जोधपुर : संक्रमण दर में हुआ 6 फीसदी का इजाफा, कोरोना ने ली 11 लोगों की जान

बीते दिन रविवार को 3,739 टेस्ट में से 501 नए पॉजिटिव मिले, इसके चलते संक्रमण दर 13.39% पहुंच गई। जबकि शनिवार को 323 पॉजिटिव मरीज मिले और संक्रमण दर 7.9 प्रतिशत ही थी। कोरोना से ठीक होने पर रविवार को 1249 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। 11 संक्रमितों की महामारी ने जान ले ली। इधर मई माह में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 31646 पहुंच चुका है। जबकि 44522 डिस्चार्ज हुए। सबसे गंभीर यह है कि 667 संक्रमितों की मौत हो गई। जनवरी से अब तक देखें तो 67319 महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 58,566 डिस्चार्ज हुए। 1,111 संक्रमितों की माैत हाे चुकी है।
एम्स में सुशीला व्यास (85), रातानाडा के जीपी भटनागर (79), नाईयाें की गली के रविंद्र व्यास (72), लूणी के रवि चाैधरी (35), हरिनगर चौहाबो के डॉ. बीके सिंघल (63), ओसियां की संजना कंवर (82) की मौत हुई। एमडीएम में लोहावट की अणची (68), ओसियां की गोपाल कंवर (70), भोपालगढ़ के बाबूलाल (61) की मौत हुई। एमजीएच में गुड़ा विश्नोईयां के खमरुराम (62), कुड़ी भगतासनी की इंदिरा शर्मा (50) की मौत हुई।राजस्थान में सुधर रही स्थिति, बीते दिन 12 फीसदी रही कोरोना संक्रमण की दर

राजस्थान में कोरोना का कहर कम होता दिखाई दे रहा हैं जिसमें और सुधार लाने के लिए लॉकडाउन को भी आगे बढ़ा दिया गया हैं। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण की दर 12 फीसदी रही है। यहां 52,836 सैंपल लिए गए। जिनमें 6521 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं, 24 जिलों में 113 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। अब तक सभी आंकड़ों को मिलाकर देखें तो पूरे प्रदेश की पॉजिटिव दर 9 प्रतिशत और रिकवरी रेट 86 प्रतिशत आंकी जा रही है। वहीं, प्रदेश में 100 में से 9 लोग रोजाना कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं। जबकि 86 मरीज रोजाना ठीक हो रहे हैं। रविवार को रिकवर मरीजों की संख्या 16 हजार 521 है। ऐसे में राजस्थान में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 1.12 लाख रह गई है।