करौली : अवैध अफीम की खेती पर चला नारकोटिक्स ब्यूरो का ट्रेक्टर, नष्ट की गई 50 लाख की फसल

राजस्थान के करौली जिले से अवैध अफीम की खेती करने का मामला सामने आया जिसकी जानकारी केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो को लगी तो उन्होनें जिला पुलिस के सहयोग से इस अफीम को नष्ट करवाया है। अफीम करीब 3 हजार 825 वर्ग मीटर सरकारी चरागाह भूमि पर उगाई थी। ब्यूरो ने प्रकरण 04/2021 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस खेती से लगभग 50 लाख रुपए कीमत की अवैध अफीम का उत्पादन होना तय था।

उप नारकोटिक्स आयुक्त विकास जोशी ने बताया कि सहायक नारकोटिक्स आयुक्त विजय सिंह मीणा और निरीक्षक जेपी मीणा को खेत में अवैध रूप से अफीम उगाने की सूचना मिली। इस पर जिला पुलिस करौली के सहयोग से ग्राम मुंडरी, राजस्व ग्राम मार का कुआं, थाना व तहसील मंडरायल, जिला करौली स्थित पर उगी हुई अफीम को नष्ट करवाया।