उदयपुर : कंट्रोल होने लगा कोरोना संक्रमण, मिले पांच नए संक्रमित जबकि 31 हुए स्वस्थ

लेकसिटी उदयपुर में कोरोना का कहर अब थमता नजर आ रहा हैं। सोमवार को उदयपुर में कुल 596 व्यक्तियों की कोरोना जांच करवाई थी जिसमें सिर्फ पांच नए संक्रमित मिले जबकि 31 स्वस्थ हुए जिसके बाद अब सिर्फ 104 एक्टिव मरीज बचे हैं। उदयपुर में कुल रिकवर हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 55 हजार 284 पर पहुंच गई है। संक्रमित मरीजों का प्रतिदिन औसत बढ़ कर 700 पर पहुंच गया था। वहीं अब जून महीने में शुरुआती 21 दिनों में महज 542 मरीज मिले हैं। जो दिन-प्रतिदिन अब कम होते जा रहे हैं। उदयपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश खराड़ी ने बताया कि संक्रमण अब कंट्रोल हो रहा है। ऐसे में हमें पहले के मुकाबले और अधिक सजग और सावधान रहना होगा। तभी हम संक्रमण को जड़ से खत्म कर पाएंगे।
राजस्थान में कमजोर पड़ने लगी कोरोना की दूसरी लहर, 10 जिलों में नहीं मिला कोई नया मरीज

कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ने लगी है और आंकड़ों में कमी लगातार देखी जा रही हैं। बीते दिन सोमवार को 151 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। 533 लोग रिकवर हुए, जबकि 6 मरीजों ने कोरोना से दम तोड़ा। प्रदेश में 10 जिले ऐसे रहे जहां ना तो कोई नया संक्रमित सामने आया और ना ही कोई मौत हुई। हालांकि, अब तक 33 में से एक भी जिला कोरोना मुक्त नहीं हुआ है। प्रदेश में अब तक 9,51,256 कोरोना संक्रमित केस आ चुके हैं। इनमें 9,39,664 मरीज रिकवर हो गए हैं। ऐसे में प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या घटकर अब सिर्फ 2691 रह गई है।