धीरे-धीरे ही सही कोरोना के डरावने आंकड़े घटते जा रहे हैं। जिले में 6 दिन से 500 से कम राेगी मिल रहे हैं। गुरुवार काे एक दिन में रिकाॅर्ड 951 लोगों ने कोरोना को हराया। गुरुवार को 427 नए पॉजिटिव मिले व 4 लोगों की मौत हो गई। काफी समय के बाद एक्टिव केस का आंकड़ा घटकर 7 हजार से कम हो गया है। अब 6930 एक्टिव केस हैं। गुरुवार को कोरोना को हरा चुके लोगों का आंकड़ा 21 हजार के पास हो गया। जिले में अब तक 28720 पॉजिटिव मिले हैं। जिनमें 21497 स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गत वर्ष से लेकर अब तक 2 लाख 52 हजार 342 सैम्पलों की जांच की गई है। गुरुवार को जिलेभर में 1100 सैम्पल लिए गए।
गुरुवार को सीकर शहर में 36, फतेहपुर में 42, खंडेला में 40, कूदन में 37, लक्ष्मणगढ़ में 34, नीमकाथाना में 88, पिपराली में 26, श्रीमाधोपुर में 74 और दांता क्षेत्र में 50 पॉजिटिव मिले। गुरुवार को श्रीमाधोपुर क्षेत्र के अजीतगढ़ के 65 वर्षीय बुजुर्ग ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं भूमा बड़ा के 49 वर्षीय युवक, गोविंद का बास की 35 वर्षीय युवती और लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के कनदलाउ गांव के 60 वर्षीय व्यक्ति की एसके अस्पताल में मौत हुई है।
राजस्थान में कोरोना : संक्रमण दर में हुआ इजाफा, 7680 नए मामले, 127 की मौत
आज लगातार तीसरे दिन संक्रमण के केस 10 हजार से कम आने पर राजस्थान को राहत मिली हैं लेकिन चिंता की बात यह हैं कि संक्रमण की दर में इजाफा हो रहा है। यह 11 से बढ़ 18 फीसदी पर पहुंच गई। पिछले 24 घंटे के अंदर राज्य में 7680 नए केस मिले हैं, जो 33 दिन के अंतराल में सबसे कम हैं। इससे पहले 16 अप्रैल को 7359 संक्रमित केस आए थे। राज्य में 127 मरीजों की मौत हुई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट को देखे तो राज्य में गुरुवार को टेस्टिंग की संख्या में भी कमी हुई है। राज्य में 41,724 लोगों के सैंपल की जांच हुई, जिसमें 7680 पॉजिटिव निकले है। राज्य में बीते कुछ दिनों से संक्रमित केसों के साथ-साथ मौत के केसों में भी कमी आने लगी है। राज्य में 6 दिन पहले तक हर रोज मौत के केस 150 से ऊपर ही आते थे, लेकिन पिछले तीन दिन से इनमें लगातार गिरावट आ रही है, जो काफी सुखद खबर है।
भारत में कोरोना : ठीक हुए 3.57 लाख मरीज, 4,208 लोगों की हुई मौत
देश में कोरोना की दूसरी लहर अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। संक्रमण के मामले लगातार कम होते जा रहे है। पिछले 24 घंटे में 2.59 लाख नए मरीज मिले जबकि ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा 3.57 लाख रहा। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1.02 लाख की कमी आई। कोरोना की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा 37.41 लाख एक्टिव केस 9 मई को थे। 11 दिन में यह घटकर 30.22 लाख रह गए हैं। यानी 12 दिनों में 7.19 एक्टिव केस कम हुए है। हांलाकि, कोरोना से होने वाली मौतें अभी भी चिंता का कारण बनी हुई है। गुरुवार को देश में 4,208 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई है।