मुंबई में 40 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा, महाराष्ट्र में कोरोना से 193 संक्रमित

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है। रविवार को 7 नए मामले सामने आने से कुल संख्या 193 तक पहुंच गई है। इससे पहले शनिवार को पूरे राज्य में कोरोना के 33 मामले सामने आए, जो एक दिन में अब तक के सबसे अधिक मामले हैं। इन 33 मामलों में से 26 अकेले मुंबई से रिपोर्ट हुए। रविवार को महिला की मौत के बाद राज्य में मरने वालों की संख्या 7 हो चुकी है। मुंबई के अस्पताल में इलाज करा रही कोरोना वायरस की मरीज 40 वर्षीय महिला ने रविवार को दम तोड़ दिया। महिला को एक दिन पहले ही सांस लेने में समस्या की वजह से हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। महिला हाइपरटेंशन की मरीज भी थी।

रविवार को कोरोना के 7 में से 4 मुंबई और 1-1 प्रत्येक पुणे, नागपुर, सांगली में सामने आए हैं। इससे पहले शनिवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, नए मामले मुंबई के अलावा, नागपुर, वसई-विरार और नवी मुंबई से हैं। इनमें एक 7 महीने और एक सालभर का बच्चा भी शामिल है। बांद्रा के निवासी 7 महीने के बच्चे की मां कुछ दिनों पहले दुबई से लौटी थी और उनका भी टेस्ट पॉजिटिव आया है।

मुंबई के सैफी हॉस्पिटल के कई हिस्सों को सील कर दिया गया है। यहां एक डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जो अपने संक्रमित पिता को लेकर आया था, जिनकी शुक्रवार को मौत हो गई।