राजस्थान में कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन लगाया गया जिसमें 13 मई से लगातार केसों में कमी आ रही है। बीते दिन बुधवार को राज्य में 3,886 नए संक्रमित केस मिले जबकि 107 लोगों की जान गई है। मंगलवार की तुलना में संक्रमण दर में 2 फीसदी का इजाफा हुआ है। हालांकि, लगातार रिकवरी बढ़ने से एक्टिव केसों की संख्या में कमी हुई है। बुधवार को 13,192 मरीज ठीक हुए जिससे प्रदेश में एक्टिव केस का आंकड़ा 78,126 रह गया. खास बात ये रही कि आज 33 में से 8 जिले ऐसे है जहां संक्रमण की दर 5 फीसदी से भी नीचे रही, जबकि 20 जिले ऐसे है जहां पॉजिटिव केसों की संख्या 100 से भी कम है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, किसी भी जगह कोरोना की संक्रमण दर अगर 3 फीसदी से नीचे रहती है तो वह नियंत्रित मानी जाती है। इस नजरिए से राज्य में अब भी संक्रमण नियंत्रण से बाहर है। आज राज्य में संक्रमण की दर 8 फीसदी के नजदीक आई है। जिलेवार स्थिति देखे तो आज सबसे ज्यादा संक्रमण की दर गंगानगर, हनुमानगढ़ में दर्ज हुई है, यहां 14 फीसदी से ऊपर पॉजिटिविटी रेट है। इन दो जिलों के अलावा अलवर, डूंगरपुर, जोधपुर, सीकर और बीकानेर ऐसे जिले हैं, जहां संक्रमण की दर 10 फीसदी से ज्यादा है।राज्य में आज कुल 107 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इन मौतों के साथ ही राजस्थान में अब तक इस बीमारी से कुल 8 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। राज्य में मृत्युदर अब भी एक फीसदी से कम है। जिलेवार स्थिति देखे तो सबसे ज्यादा मृत्युदर 1.3 फीसदी झालावाड़ में है। झालावाड़ के अलावा भरतपुर, बीकानेर, बाड़मेर, उदयपुर, सीकर, अजमेर, झुंझुनूं, पाली, जयपुर और नागौर भी ऐसे जिले है जहां मृत्युदर 1 फीसदी है।