नागौर : पुलिस की सख्ती लापरवाह लोगों पर पड़ी भारी, 32 लोगों को किया संस्थागत क्वारेंटाइन

लॉकडाउन लगने के बाद से ही पुलिस सख्ती बरत रही हैं और कोरोना संक्रमण को तोड़ने के लिए बिना काम के बाहर निकल रहे लोगों पर कारवाई की जा रही हैं। इसी ओर कदम बढ़ाते हुए पुलिस ने बुधवार को नए प्रोटोकाल के तहत 32 लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया। जो नियमों की अवहेलना करते हुए पाए गए थे। इसी दौरान पुलिस ने कोरोना गाइडलाइन के तहत मास्क नहीं लगाने वालों और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे और उनसे जुर्माना भी वसूला गया। पुलिस उप अधीक्षक ने जानकारी दी कि बगैर मास्क के 25 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं करने पर 1200 लोगों से कुल 120300 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 289 चालान काटकर 39800 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
डिप्टी विनोद कुमार ने बताया कि नागौर में रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़े के दौरान अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई बेवजह बाहर घूमने वालों को पकड़ा जा रहा हैं और पूछने पर कोई ठोस कारण ना मिलने पर उन्हें संस्थागत क्वारंटीन भी किया जा रहा हैं। बुधवार को वृत नागौर में 12, वृत मूंडवा 10, वृत डेगाना में 02, वृत डीडवाना में 01, वृत मकराना में 07 सहित कुल 32 लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया। इन लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद ही संस्था से छोड़ा जाएगा।इधर, पुलिस की ओर से 38 पुलिस एक्ट में की जा रही कार्रवाई पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। जानकारों के अनुसार पुलिस इन दिनों ज्यादातर 38 पुलिस एक्ट में कार्रवाई कर रही हैं। जबकि इस एक्ट के तहत पुलिस ऐसे वाहनों को जब्त करती है जो लावारिस पड़े रहते हैं या उनकी पहचान नहीं हो पाती हैं। जबकि पुलिस के पास वाहन की पहचान एवं उसके मालिक का पता लगाने के लिए पूरे इंतजाम हैं।