भरतपुर व भीलवाड़ा में जहरीली शराब से लोगों की मौत के बाद जयपुर कमिश्नरेट ने 29 जनवरी से विशेष अभियान चलाकर तीन दिन में 254 कार्रवाई करके 198 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए शराब माफियाओं के कब्जे से 20 हजार लीटर ज्यादा अवैध शराब बरामद कर ली।
पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि शराब माफियाओं के खिलाफ पुख्ता कार्रवाई करने के लिए एडिशनल कमिश्नर अजयपाल लांबा के सुपरविजन में डीसीपी परिस देशमुख, प्रदीप मोहन शर्मा, हरेन्द्र महावर, अभिजीत सिंह व दिगंत आनंद के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन करके पूर कमिश्नरेट में एक साथ अभियान चलाकर कार्रवाई करवाई।इस अभियान में कमिश्नरेट के सभी थाना पुलिस ने 254 कार्रवाई करके 198 जनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से देशी और अलग-अलग ब्रांड की करीब 20 हजार लीटर शराब वॉश नष्ट बरामद कर ली। अभियान के दौरान भांग भी पकड़ी है।