सीकर : काबू में आने लगे हालात, मिले सिर्फ 252 नए पॉजिटिव केस, पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन

कोरोना हालात में तेजी से सुधार हो रहा है। बीते दिन शनिवार को 252 नए पॉजिटिव केस सामने आए लेकिन इसी के साथ ही कई लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए। अब संसाधनों की कमी की बजाय ऑक्सीजन भी लोगों को पर्याप्त मात्रा में मिलने लगी है। अब करीब डेढ़ महीने में हालात काबू में आने लगे है। ऑक्सीजन की कमी फिलहाल पूरी हो गई है। अब कई ऑक्सीजन प्लांट पाइपलाइन में हैं। वहीं, संक्रमित भी अब तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। लॉकडाउन का असर भी नजर आ रहा है।
दरअसल, कोरोना की दूसरी लहर में सबसे अधिक जरूरत ऑक्सीजन की हुई। हालात यहां तक हो गए कि आक्सीजन के लिए लोगों ने जरूरत से अधिक रुपए चुकाए। ऑक्सीजन के लिए कभी मंत्री को दखल देना पड़ा तो कभी भामाशाहों ने मदद की। जब ऑक्सीजन की कमी सामने आई तो प्रशासन ने इसके लिए लोगों से मदद मांगी। रेगुलेटर से लेकर दवाइयों तक की कमी हुई। हालात ऐसे हो गए ​कि अस्पतालों में जगह ही नहीं बची। लोगों को वैकल्पिक बनाए गए कोविड सेंटर पर भर्ती करना पड़ा।राजस्थान में घटकर 10 फीसदी पर आई संक्रमण दर, मिले 6103 नए मरीज, 115 लोगों की मौत

कोरोना का संक्रमण राजस्थान में नियंत्रण में आता दिखाई दे रहा हैं जहां शनिवार को 39 दिन बाद संक्रमण की दर घटकर 10 फीसदी पर आ गई और राज्य में 6103 नये मरीज मिले है, जबकि 115 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में जयपुर को छोड़कर शेष सभी 32 जिलों में 500 से कम नये केस मिले है। वहीं 33 में से 26 जिले ऐसे है, जहां संक्रमण की दर 10 फीसदी से भी नीचे रही है। राज्य में जिस तेजी से कोरोना संक्रमण के केस कम आ रहे है उसकी तुलना में मौत की संख्या अभी भी ज्यादा है। शनिवार को 115 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है। इसमें जयपुर में 21, जोधपुर में 11, उदयपुर 8, पाली, अलवर में 7-7 और भरतपुर जैसलमेर में 5-5 मौत हुई है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी कोरोना से मौत हुई है।