पाली : गिरते संक्रमण के पीछे का कारण जांच में आई कमी, 235 नए मामले, 7 की मौत

शनिवार को जिले में कोरोना के 235 नए मरीज ही सामने आए जो सुखद जरूर हैं। लेकिन इन कम आंकड़ों के पीछे की सच्चाई जांच का कम होना भी हैं। शनिवार को जिले में सिर्फ 689 लोगों के ही सैंपल लिए गए। वहीं, 33 मरीज स्वस्थ हुए। जबकि कोरोना से 7 मरीजों की मौत हुई। कोरोना के अब तक 30458 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 26206 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 364 लोग दम तोड़ चुके हैं। रिकवरी रेट 86.03% पहुंच गई है। बांगड़ अस्पताल में शनिवार को 7 मौतें हुई। इसमें आंकड़ावास स्थित चौधरियों का बास निवासी 61 साल की महिला, शहर के राम नगर निवासी 69 साल के वृद्ध, नागौर के डीडवाना निवासी 71 साल की महिला, आकड़ावास निवासी 55 साल के व्यक्ति, राजेंद्र नगर निवासी 50 साल के व्यक्ति, रानी निवासी 52 साल के व्यक्ति और पाली के 70 साल के वृद्ध की कोरोना से मौत हुई।

राजस्थान में गिरती जा रही संक्रमित केसों की संख्या, मिले 13,565 नए पॉजिटिव, 149 की मौत

कोरोना की दूसरी लहर का कहर अब धीमा होता नजर आ रहा हैं जहां संक्रमितों के आंकड़ों में गिरावट सामने आई हैं। पिछले 24 घंटे में 13,565 नए केस मिले हैं, जबकि 149 लोगों की मौत हुई। शनिवार को कुल 17,481 लोग रिकवर हुए हैं। खास बात ये रही कि आज चार जिलों में पॉजिटिव केसों की संख्या 100 से कम रही। वहीं अच्छी खबर ये है कि रिकवर मरीजों की संख्या पॉजिटिव केसों की संख्या से ज्यादा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट देखें तो जो मरीज आए हैं, वह 20 अप्रैल के बाद आए मरीजों में सबसे कम हैं। 20 अप्रैल को 12,201 पॉजिटिव मिले थे, जिसके बाद मरीजों की संख्या 14 हजार से ज्यादा ही आई है।

भारत में कोरोना : थमती दिखाई दे रही संक्रमण की दूसरी लहर, चिंता का सबब बनी मौतें

देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर अब थमती दिखाई दे रही है। हालाकि, रोजाना होने वाली मौतें अभी भी चिंता का सबब बनी हुई है। शनिवार को मिले मरीजों के आंकड़ो पर नजर डाले तो देश में 3 लाख 10 हजार 580 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। बीते दिन कुल 3 लाख 62 हजार 367 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 55,931 की कमी हुई। यह इस साल एक्टिव केस में होने वाली सबसे बड़ी गिरावट है। लेकिन इस दौरान 4,075 लोगों की कोरोना की वजह से मौत भी हुई है। यह मई में 6ठी बार है, जब एक दिन में चार हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। कोरोना के दूसरी लहर थमने के संकेत पॉजिटिविटी रेट से भी मिल रहे हैं। पिछले 7 दिनों में पॉजिटिविटी रेट में भी कमी आई है।