झुंझुनूं : बैंक अधिकारी बन महिला को बनाया ठगी का शिकार, खाते से उड़ाए करीब 24 हजार

झुंझुनूं जिले में एक बार फिर ठगी का मामला सामने आया जहां बैंक अधिकारी बन महिला से ठगी को अंजाम दिया और खाते से करीब 24 हजार रूपये उड़ा लिए गए। घटना 28 जून की शाम को घटित हुई जिसमें महिला के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। व्यक्ति ने अपने आप को बैंक का अधिकारी बताते हुए बिसाउ की आंगनबाड़ी सहायिका के साथ ठगी करते हुए उसको चूना लगा दिया। पीड़िता ने बिसाउ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस के अनुसार बिसाउ निवासी प्रियंका ने रिपोर्ट में बताया कि वह वार्ड 18 के आंगनबाड़ी सहायिता के पद पर कार्यरत है। आरोपी ने अपने आप को चूरू की ग्रामीण शक्ति बैंक का अधिकारी बताते हुए कहा कि उसके किसी में पैसे फंसे हुए हैं। वे पैसे आपके फोन पे अकाउंट पर मंगवा लेता हूं। इस पर उसने कहा कि उसको फोन पे नहीं चलाना आता है। इसके बाद पीड़िता ने फोन अपने लड़के को दे दिया। आरोपी ने उसके लड़के को फोन पर जो भी दिशा निर्देश दिए उसके अनुसार वह मोबाइल फोन पर क्लिक करता रहा। कुछ देर बाद उसके खाते से 23 हजार 900 रुपए निकालने का मैसेज आया। इस पर उन्हें पता लगा कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं।