जोधपुर : बद से बदतर हुए हालात, 33 मौतों के साथ मिले रिकॉर्ड 2220 नए संक्रमित, अस्पतालों में नहीं बचे बेड

कोरोना से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं जहां संक्रमितों का आंकड़ा हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा हैं। बीते दिन बुधवार को 2220 संक्रमित एक ही दिन में मिले। साथ ही 33 संक्रमित अपनी जान गंवा बैठे। जोधपुर में आज 7171 सैंपलों की जांच की गई। इनमें से इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ गए। इनकी तुलना में आज 920 संक्रमितों को ही डिस्चार्ज किया जा सका। ऐसे में एक्टिव केस बढ़कर 19,642 तक जा पहुंचे। हाल यह है कि पिछले आठ दिनों में मौतों का आंकड़ा 224 तक पहुंच गया। अब तक अप्रैल में 1 लाख 25 हजार 033 संक्रमितों की जांच जोधपुर जिले में हो चुकी हैं। अप्रैल माह में संक्रमण की दर 25 फीसदी बनी हुई है।

जोधपुर शहर में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बाद हालात पूरी तरह से बिगड़ने की कगार पर पहुंच रहे हैं। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और अस्पतालों में अब कोई बेड उपलब्ध नहीं है। कुछेक प्राइवेट अस्पतालों में बेड हैं, लेकिन ऑक्सीजन नहीं। साथ ही वहां रेमडेसिवीर इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है। इन हालात के बीच कोरोना का कहर जारी है। सर्वाधिक कम्युनिटी ट्रांसमीट हो चुके संक्रमण के कारण न केवल मरीजों की बल्कि मरने वालों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। भरसक प्रयास के बावजूद डॉक्टर मरीजों को मौत के मुंह में जाने से बचा नहीं पा रहे हैं। मौतों की बढ़ती संख्या ने लोगों को डरा कर रख दिया है।
राजस्थान में कोरोना : मिले कोरोना के 16,613 नए रिकॉर्ड मामले, 120 लोगों की मौत

राजस्थान में कोरोना मामलों की बढ़ती संख्या थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। यहां हर दिन रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। बात करें पिछले 24 घंटों की तो राजस्थान में 16,613 नये केस मिले, जबकि 120 लोगों की मौत हो गई। राहत की बात यह है कि प्रदेश में धीरे-धीरे रिकवरी रेट का ग्राफ बढ़ने लगा है। आज 8303 संक्रमित व्यक्ति ठीक हुए हैं। राजस्थान में पिछले एक सप्ताह के अंदर कोरोना संक्रमण की पॉजीटिविटी रेट में 7 फीसदी से ज्यादा की ग्रोथ हुई है। एक्सपर्ट की मानें तो मौजूदा समय में 80 हजार के लगभग टेस्टिंग हो रही है और अगर टेस्ट ज्यादा हुए तो केसों की संख्या में और ज्यादा इजाफा देखने को मिलेगा। वहीं सरकार ने सांस में तकलीफ वाले लोगों से प्रोनिंग करने के लिए कहा है, ताकि ऑक्सीजन लेवल को गिरने से रोका जा सके।भारत में कोरोना : 24 घंटे में 3.80 लाख नए मरीज मिले, 3646 की मौत

देश में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। हर दिन कोरोना के नए मरीज रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। बुधवार को एक बार फिर देशभर में रिकॉर्ड 3.80 लाख मरीज मिले, जबकि 3,646 लोगों की मौत हो गई। देश में तेजी से बढ़ते कोरोना केस के बीच राहत की खबर ये है कि कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्‍या में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड करीब 2.70 लाख मरीज रिकवर हुए हैं।