सीकर : घेराबंदी कर पुलिस ने किया 2 आरोपियों को गिरफ्तार, बेचते थे नशे की सामग्री

जयपुर ग्रामीण पुलिस ने अजीतगढ़ निवासी डोडा-पोस्त चूरा व स्मैक तस्करी के मुख्य सरगना समेत दो लाेगाें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। जयपुर ग्रामीण एसपी शंकरदत्त शर्मा के मुताबिक ऑपरेशन हाईवे के तहत गठित टीम ने सोमवार को अमरसर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बाइक पर सवार वार्ड 17 अजीतगढ़ निवासी योगेन्द्र कुमार शर्मा उर्फ कान्हा (45), दिवराला निवासी ओमप्रकाश नाई (36) को रोक कर पूछताछ की तो उन्होंने भागने की कोशिश की। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ कर उनके कब्जे से 10 किलो डोडा चूरा, पांच ग्राम स्मैक व बाइक जब्त की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच गोविन्दगढ़ एसएचओ रामकिशोर शर्मा को सौंप दी हैं।
एक आरोपी रामलीला में सीता का अभिनय करता है

पुलिस ने बताया कि डोडा-पोस्त चूरा व स्मैक के मुख्य सप्लायर योगेन्द्र कुमार शर्मा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह अजीतगढ़ की रामलीला में पिछले कई वर्षों से सीता का अभिनय करता आ रहा है व अजीतगढ़ में जयपुर रोड स्थित जोशी ऑयल मिल के सामने दूल्हे के शेरवानी समेत अन्य सामान की आड़ में नशे की सामग्री की सप्लाई करता है।पहले भी गिरफ्तार हो चुका है योगेंद्र

पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों का सप्लायर योगेन्द्र शर्मा पहले भी पकड़ा जा चुका है। आरोपी से पूछताछ में कई मामले खुल सकते हैं। योगेंद्र पहले पकड़ा गया था, लेकिन मादक पदार्थ बरामद नहीं होने के कारण उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी।