जयपुर। जयपुर रेलवे डिवीजन की फ्लाइंग टीमों ने अगस्त में बिना टिकट यात्रा करने पर 19 हजार से ज्यादा यात्रियों को पकड़ा और 1.39 करोड़ रुपए की जुर्माना राशि वसूली गई। ये जांच अभियान पिछले महीने जयपुर-फुलेरा, फुलेरा-अजमेर, जयपुर-रेवाड़ी, जयपुर-सवाई माधोपुर, जयपुर-रिंगस, फुलेरा-रेवाड़ी, रिंगस-सीकर-चूरू-झुंझुनूं सेक्शन की ट्रेनों में चलाया गया।
सीनियर डीसीएम मुकेश सैनी ने बताया कि डीआरएम विकास पुरवार के निर्देश पर चले इस अभियान में अलग-अलग टीमें बनाई गई। सीनियर डीसीएम बीसीएस चौधरी और डीसीएम सुखाराम ने अपनी अलग-अलग टीमें बनाकर एक टीम जयपुर जंक्शन पर तैनात की, जबकि दो-तीन टीमें अलग-अलग ट्रेनों में विजिट के लिए भेजी। इसमें विपिन शर्मा, एसीएम दीपक चौधरी, मुकेश गहलोत, डीसीटीआई रामनिवास चौधरी, सीटीआई समीर शर्मा, शक्ति शर्मा, एस अली, ज्योति शर्मा शामिल रहे।
इस दौरान टीम ने बिना टिकट यात्रा कर रहे 19 हजार 93 यात्रियों को पकड़ा और उनसे 1.39 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला। इसी तरह 16 हजार ऐसे यात्री पकड़े गए, जिन्होंने अनियमित टिकट पर यात्रा यानी जनरल टिकट लेकर एसी कोच या अन्य कोच में सफर किया। इन यात्रियों से 69.80 लाख का जुर्माना वसूला।
इसके अलावा बिना बुकिंग करवाए लगेज ट्रेन की जनरल और स्लीपर बोगियों में लेकर जाने के भी 109 मामले पकड़े। इनसे 19 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। नॉन पेनल्टी के 4 हजार मामलों से 13.28 लाख रुपए समेत कुल 1.83 करोड़ जुर्माना राशि वसूली गई।