बीकानेर : बढ़ते मामलों के साथ ही कम हुआ कोरोना वैक्सीनेशन, आज मिले 182 नए पॉजिटिव

बीकानेर में कोरोना के हालात सामान्य से परे हैं जहां शहर के हर कोने से मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमण के बढ़ते अनाक्दों के साथ ही अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी जा रही हैं। आज गुरुवार को एक बार फिर 182 कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। इसी के साथ शहर में इस महीने 1370 कोरोना पॉजिटिव के आ चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ कोरोना को भगाने के लिए वैक्सीनेशन लगातार कम हो रहा है। बीकानेर में एक ही दिन में 18 हजार का वैक्सीनेशन किया गया था लेकिन अब संख्या घटकर सात से आठ हजार के बीच आ गई है।

बीकानेर में सैंपल की संख्या अब एक हजार से अधिक पहुंच गई है। जिसमें हर रोज दो सौ के आसपास पॉजिटिव आ रहे हैं। पिछले चार दिन से 170 से 194 के बीच पॉजिटिव केस आने से अब हर रोज औसतन हर 8वां सैम्पल पॉजिटिव आ रहे हैं। ऐसे में इसके उलट वैक्सीनेशन डगमगाने लगी हैं और अब वैक्सीनेशन बूथ की संख्या पचास से अधिक नहीं हो रही। पहले एक ही दिन में 132 से 135 बूथ पर वैक्सीन लग रहे थे। माना जा रहा है कि आने वाले एक सप्ताह के बाद ही स्थिति में सुधार हो पाएगा।
शहर का कोई हिस्सा नहीं रहा कोरोना से अछूता

बीकानेर के हर क्षेत्र में अब पॉजिटिव केस आ रहे हैं। पहली लहर में परकोटे के भीतर से ही अधिक रोगी आ रहे थे, लेकिन अब ऐसा नहीं। दूसरी लहर में गंगाशहर और जयनारायण व्यास कॉलोनी से पॉजिटिव केस अधिक आ रहे हैं। इसके अलावा पवनपुरी, सार्दुल कॉलोनी, सार्दुलगंज, करणीनगर, गांधी नगर जैसी पॉश कॉलाेनियों से पॉजिटिव आ रहे हैं। मुरलीधर व्यास कॉलोनी में भी पॉजिटिव केस हैं लेकिन पिछली लहर की तुलना में कम है। अलबत्ता अब गांव में भी कोरोना पाॅजिटिव मिल रहे हैं। नोखा, नापासर के साथ ही श्रीकोलायत में भी रोगी मिल रहे हैं।राजस्थान में संक्रमण की दर 15 फीसदी से ऊपर, एक्टिव केस 49 हजार के पार

राजस्थान में आज संक्रमण की दर 15.34% रही। राज्य में आज 43,383 सैंपल लिए गए थे। जिसमें से 6658 नमूने पॉजिटिव आए। राज्य में अब चिंता की सबसे बड़ी वजह एक्टिव केस बने हुए हैं। यह अब 49,276 तक पहुंच गए हैं और तेजी से बढ़ रहे हैं। जबकि रिकवरी रेट बहुत धीमी गति से बढ़ रही है। आज 2254 लोग इस बीमारी से रिकवर हुए है। राज्य में वर्तमान में रिकवरी रेट गिरकर 86.51% पर पहुंच गई है।