श्रीगंगानगर : नए संक्रमितो के तिगुने हुए रिकवर, 7 कोरोना रोगियों की मौत होना चिंता की बात

कोरोना का संक्रमण पहले की अपेक्षा थोड़ा कम होने लगा है। जिला रिकवरी प्रतिशत 81 तक पहुुंच चुका है। शनिवार को जिले में 171 नए कोरोना रोगी मिले। इससे बढ़कर अच्छा ये रहा कि इससे कहीं ज्यादा तीन गुणा ज्यादा 505 रोगी रिकवर भी हुए। इसके चलते जिले के अस्पतालों में कोरोना के इलाज के लिए 786 बेड उपलब्ध हैं। शनिवार को 494 बेडों पर रोगी भर्ती हैं। बाकी 292 बेड खाली पड़े हैं। ऑक्सीजन की जरूरत वाले 404 रोगी भर्ती थे। इसके अलावा आईसीयू 3 और वेंटीलेंटर सुविधा युक्त 1 बेड खाली हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कोरोना रोगियों की संख्या 17343 तक पहुंच चुकी है। जिले में 3030 रोगी एक्टिव हैं।
चिंता की बात यह रही कि जिले में उपचाराधीन 7 कोरोना रोगियों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कोरोना की वजह से किसी की मौत नहीं हुई। जबकि वास्तविकता ये है कि जिला अस्पताल में ही 6 कोरोना रोगियों की मौत हुई। एक मौत निजी अस्पताल में हुई। फिर भी विभाग की रिपोर्ट में श्रीगंगानगर जिले में शून्य यानी कोई मौत नहीं होना दर्शाया गया है। जिला अस्पताल में अब कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों को संक्रमण ज्यादा होने की आशंका से निपटने के लिए कोविड जोन में बच्चों के लिए अलग आईसीयू और वार्ड बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।राजस्थान में घटकर 10 फीसदी पर आई संक्रमण दर, मिले 6103 नए मरीज, 115 लोगों की मौत

कोरोना का संक्रमण राजस्थान में नियंत्रण में आता दिखाई दे रहा हैं जहां शनिवार को 39 दिन बाद संक्रमण की दर घटकर 10 फीसदी पर आ गई और राज्य में 6103 नये मरीज मिले है, जबकि 115 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में जयपुर को छोड़कर शेष सभी 32 जिलों में 500 से कम नये केस मिले है। वहीं 33 में से 26 जिले ऐसे है, जहां संक्रमण की दर 10 फीसदी से भी नीचे रही है। राज्य में जिस तेजी से कोरोना संक्रमण के केस कम आ रहे है उसकी तुलना में मौत की संख्या अभी भी ज्यादा है। शनिवार को 115 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है। इसमें जयपुर में 21, जोधपुर में 11, उदयपुर 8, पाली, अलवर में 7-7 और भरतपुर जैसलमेर में 5-5 मौत हुई है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी कोरोना से मौत हुई है।