कोरोना का कहर / महाराष्ट्र में 1000 से ज्यादा पुलिसवाले संक्रमित, सात की ड्यूटी के दौरान मौत

महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 22 हजार 171 हो गई। यहां रविवार को सबसे ज्यादा 1943 संक्रमित मामले सामने आए थे और 53 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, महाराष्ट्र में पुलिस वालों में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान पुलिसकर्मियों में संक्रमण के 221 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में पुलिसवालों के पॉजिटिव मिलने की यह सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही यहां कुल कोरोना पॉजिटिव पुलिसवालों की संख्या 1007 तक पहुंच गई है। इसमें 106 ऑफिसर और 901 पुलिस कर्मचारी हैं। इसके साथ राज्य में अब तक सात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान मौत भी हो चुकी है। इनमें से 4 पुलिसवाले मुंबई के हैं।
सोमवार को राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि सिर्फ मुंबई में 394 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। मुंबई में ऐसे कई पुलिस स्टेशन हैं, जहां काम करने वाले लगभग सभी लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि, गृहमंत्री ने बताया कि संक्रमितों में ज्यादातर की हालत ठीक है।

आपको बता दे, मुंबई की आर्थर रोड जेल में 81 कैदी संक्रमित पाए गए हैं। जेल में संक्रमितों की कुल संख्या 184 हो चुकी है। इनमें 26 जेल स्टाफ के सदस्य हैं। जेल प्रशासन ने इस बात की पुष्टि की है। मुंबई में शहर में रविवार सुबह तक कोरोना संक्रमण से 27 लोगों की मौत हुई इसके साथ शहर में मरने वालों का आंकड़ा 489 हो गया है। महानगर में शनिवार को 722 नए मामले सामने आए। नए पॉजिटिव मरीज मिलने के साथ ही मरीजों की संख्या 12,864 तक पहुंच गई है।