रिकवरी रेट में राजस्थान का 31वां स्थान, मौतों का आंकड़ा बढ़ा रहा चिंता

राजस्थान में कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी हैं जिसमें एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 2.12 लाख के पार हो चुकी हैं। बीते दिनों में देखा जाए तो नए संक्रमितों का आंकड़ा तो घटने लगा हैं लेकिन रिकवरी रेट भी कम ही हैं। बीते 7 दिनों में 1 लाख मरीज ठीक हुए फिर भी रिकवरी रेट के मामले में देश में राजस्थान का 31वां स्थान हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र में एक्टिव रोगियों की संख्या हमसे दोगुनी से भी ज्यादा है। प्रदेश में कुल एक्टिव रोगी 2,12,653 है जबकि महाराष्ट्र और कर्नाटक में 5.50 लाख से अधिक है। इसके बावजूद उनकी रिकवरी रेट हमसे बहुत अच्छी है।

पिछले एक हफ्ते में प्रदेश में 1,14,618 नए केस आए, जबकि 1,00,307 रोगी ही ठीक हुए। रिकवरी रेट अब 73.72% है, लेकिन इसमें भी बीते 5 दिन से ही सुधार हुआ है। नहीं तो यह एक समय पर 69% पर पहुंच चुकी थी। फरवरी में दूसरी लहर के कहर से पहले सिर्फ 0.4% एक्टिव रोगी थे। कोरोना विस्फोट के कारण 70 दिन में ये 30% पर पहुंच गए हैं। एक्टिव रोगियों की दरों में बढ़ाेतरी का सीधा असर रिकवरी दर पर पड़ा। इसी बीच, प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 8.35 लाख पहुंच चुकी है। इनमें से 6.16 लाख से अधिक ठीक हो चुके हैं। 6472 दम तोड़ चुके हैं और 2.12 लाख का इलाज चल रहा है।चिंता की बात यह है कि प्रदेश में मौतों का आंकड़ा लगातार 150 के ऊपर बना हुआ है। हर दिन 150 से अधिक लोग जान गंवा रहे हैं। हालांकि, राहत यही है कि मरीजों की तुलना में प्रदेश की मृत्युदर अब भी 0.8% है। शुक्रवार को भी जयपुर में सर्वाधिक 47 लाेगों ने दम तोड़ा।

राजस्थान में 24 घंटे में 14,289 नए कोरोना मरीज मिले और 55 लोगों की मौत हुई है और 13270 मरीज रिकवर हुए है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान में कोरोना के 67,789 सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 14,289 पॉजिटिव निकले। राज्य में संक्रमण की दर 21% से ऊपर रही। इससे पहले 11 मई को राज्य में 83,851 सैंपल जांचे गए थे, तब 16,080 सैंपल पॉजिटिव मिले थे और संक्रमण की दर 19.17% थी। बीते चार दिन की रिपोर्ट देखे तो राज्य में 19% सैंपलिंग कम हुई है, जिससे केसों में 11% तक की गिरावट आई है। राज्य में शुक्रवार को एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 2.12 लाख के पार हो गई।