दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण व्यवस्था के विरोध और उसमें सुधार की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि देश में अब ऐसी कोई जाति नहीं है, जिसे किसी न किसी रूप में आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा हो। मनोज तिवारी ने EWS आरक्षण का हवाला देते हुए कहा कि सभी को इसका लाभ मिल रहा है।
आरक्षण को लेकर अपने बयान में मनोज तिवारी ने कहा कि देश में अब कोई ऐसी जाति नहीं है जिसे आरक्षण नहीं मिला हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी वर्गों को EWS के तहत आरक्षण उपलब्ध है और लोग इसका फायदा उठा रहे हैं।
खरगे के बयान पर मनोज तिवारी का पलटवारमनोज तिवारी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि खरगे और उनकी पार्टी भारतीय संस्कृति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं और यह प्रयास सफल नहीं होगा।
दरअसल, यह प्रतिक्रिया उस समय सामने आई जब मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया था कि केंद्र की मोदी सरकार SC, ST और OBC आरक्षण को कथित तौर पर 'चोर दरवाजे से खत्म करने' की योजना पर काम कर रही है। मनोज तिवारी ने इसी दावे के संदर्भ में कांग्रेस अध्यक्ष पर पलटवार किया।
चिराग पासवान ने जाति आधारित आरक्षण को लेकर क्या कहा?आरक्षण को लेकर NDA के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जाति आधारित आरक्षण को समाप्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह संवैधानिक अधिकार है।
चिराग पासवान का यह बयान ऐसे समय आया था जब विपक्ष की ओर से आरोप लगाए जा रहे थे कि सत्ताधारी पार्टी आरक्षण खत्म करने के लिए संविधान में संशोधन की तैयारी कर रही है। पासवान ने सवाल उठाया था कि क्या केवल किसी के कहने से आरक्षण जैसी व्यवस्था को समाप्त किया जा सकता है।
रामदास अठावले ने आंदोलनकारियों पर की थी कार्रवाई की मांगइससे पहले केंद्रीय मंत्री और NDA के सहयोगी रामदास अठावले ने भी आरक्षण विरोधी आंदोलन को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आरक्षण खत्म करने या उसका विरोध करने वालों के खिलाफ 'राजद्रोह' का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
अठावले ने आरक्षण को संवैधानिक अधिकार बताते हुए आंदोलन के विरोध में कड़ा रुख अपनाया था। इस तरह आरक्षण के मुद्दे पर सत्ता पक्ष से जुड़े नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जबकि दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस विषय को लेकर आंदोलन जारी है।
यह भी पढ़ें: 5 सितंबर को इंडिया गेट से मार्च का ऐलान, अभिजीत दीपके बोले- मैं और आशुतोष पिट चुके, अब सौरव का नंबर