फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के पायलट पर बड़ा एक्शन, जांच में नशीले पदार्थ की पुष्टि; Air India ने नौकरी से हटा

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2379 के पायलट-इन-कमांड की जांच में साइकोएक्टिव पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई है। मामले को गंभीर मानते हुए एयर इंडिया ने पायलट की नौकरी तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी है। एयरलाइन के मुताबिक, सुरक्षा, फिटनेस और नियमों के उल्लंघन को लेकर उसकी नीति में ऐसे मामलों पर कोई समझौता नहीं किया जाता।

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने भी पायलट की जांच से जुड़ी रिपोर्ट पर चिंता जताई है। जांच एजेंसी के अनुसार, साइकोएक्टिव पदार्थ से संबंधित परीक्षण की रिपोर्ट नकारात्मक नहीं थी। AAIB ने इस मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से प्राथमिकता के आधार पर उचित कार्रवाई की सिफारिश की है।

फ्लाइट में 145 लोग थे सवार

AI 2379 का संचालन Airbus A320-251N विमान से किया जा रहा था। विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-EXO था। इसमें दो पायलट और छह क्रू सदस्यों समेत कुल 145 लोग मौजूद थे।

शुरुआती 10 पेज की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद 24 लोगों को मेडिकल सहायता दी गई थी। इनमें चार लोगों को गंभीर चोटें आई थीं।

उड़ान के दौरान टर्बुलेंस की सूचना

AAIB के मुताबिक, जांच की शुरुआत में उसे जानकारी मिली थी कि फुकेट से दिल्ली की यात्रा के दौरान विमान को टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। विमान में सवार लोगों को लगी चोटों और जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों का आकलन करने के बाद घटना को दुर्घटना की श्रेणी में रखा गया।

जांच एजेंसी अब मामले से जुड़े अलग-अलग आंकड़ों और रिकॉर्ड की समीक्षा कर रही है।
चालक दल से अलग-अलग हुई पूछताछ

AAIB की जांच टीम ने दिल्ली एयरपोर्ट पर चालक दल और उड़ान दल के सदस्यों से बातचीत की। इसके बाद दोनों उड़ान दल के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ भी की गई।

AAIB ने पायलट की जांच में साइकोएक्टिव पदार्थ की पुष्टि को ‘गंभीर चिंता का विषय’ बताया और DGCA को मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए सिफारिश भेजी।

Air India ने लिया तत्काल फैसला

मामले की जानकारी देते हुए एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड की जांच में एक साइकोएक्टिव पदार्थ पाया गया। एयरलाइन ने सुरक्षा, फिटनेस और नियमों के उल्लंघन के मामलों में अपनी ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति का हवाला देते हुए पायलट की नौकरी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी।