सुंदरता के कारण 'सतपुड़ा की रानी' कहलाता हैं पचमढ़ी हिल स्टेशन, देखकर मन होगा प्रफुल्लित

भारत देश अपनी विविधताओं के लिए जाना जाता हैं जहां हर मौसम का अपना अलग ही मजा हैं। देशभर में पर्यटन के लिए कई स्थान हैं जो अपनी खूबसूरती और विशेषता के लिए जाने जाते हैं। ऐसी ही एक जगह हैं मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले का पचमढ़ी हिल स्टेशन जो अपनी सुंदरता के कारण 'सतपुड़ा की रानी' कहलाता हैं। सोलो ट्रिप हो या परिवार का साथ घूमने के लिए ये जगह बेहतरीन हैं। मध्यप्रदेश का यह खूबसूरत हिल स्टेशन करीब 1067 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। ये सतपुड़ा की श्रेणियों में बसा है। यहां पर घने जंगल और ऊंचाई से गिरते झरने देखने को मिलेंगे, जिन्हें देखकर मन प्रफुल्लित हो जाता है।

यहां पर आपको कई पुरानी गुफाएं देखने को मिलेंगी। तालाब, चारों तरफ हरियाली भरे जंगल, पहाड़ों की ऊंचाई से गिरते झरने, यहां की सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं। यहां पर घूमते हुए जंगली जानवर जैसे गौर, तेंदुआ, भालू, आदि देखकर मन रोमांचित हो उठता है। यहां पर घूमने के लिए आप जीप या फिर दो पहिया वाहन भी ले सकते हैं।

यहां पर जटाशंकर नाम की एक गुफा है, इसकी दूरी पचमढ़ी से लगभग 1.5 किलोमीटर है। यहां पर भगवान भोलेनाथ के प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन होते हैं। मंदिर के पास ही एक चट्टान पर हनुमान जी की एक मूर्ति भी बनी हुई है।

यहां पर आप सिल्वर फॉल (रजत प्रपात) देख सकते हैं, जहां 350 फुट की ऊंचाई से पानी नीचे गिरता है, जो देखने में बिल्कुल दूध के समान लगता है। पास ही में हांडी खोह के पास एक खाई है जो लगभग 300 फीट गहरी है। यह खाई घन जंगलों के बीच है। यहां पर बहती हुई नदियों को देखकर एक अलग ही सुकून मिलता है।

यहां पर आप रेलमार्ग, हवाई मार्ग या फिर सड़क मार्ग से भी जा सकते हैं। अगर आप सड़क मार्ग से जाना चाहते हैं तो पचमढ़ी भोपाल, इंदौर, नागपुर, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा तथा पिपरिया से सीधा जुड़ा हुआ है। रेलमार्ग से भी यहां जा सकते हैं। यहां का सबसे पास का स्टेशन पिपरीया है।