World Cancer Day: पुरुषों को ये 12 लक्षण नहीं करने चाहिए नजरअंदाज, हो सकते हैं कैंसर के संकेत

हर साल वर्ल्ड कैंसर डे (World cancer day 2022) 4 फरवरी को मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य कैंसर की गंभीर और जानलेवा बीमारी के बारे में जागरूकता फैलाना और लोगों को इस बीमारी से पीड़ित मरीजों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में दुनिया भर में प्रत्येक वर्ष 10 मिलियन कैंसर के नए मामले सामने आते हैं। डब्ल्यूएचओ के नए अनुमानों के अनुसार, भारत में प्रत्येक 10 भारतीयों में से एक को अपने पूरे जीवनकाल में कैंसर विकसित होने की संभावना है और 15 में से एक व्यक्ति की मौत कैंसर के कारण हो सकती है। डब्ल्यूएचओ की इस रिपोर्ट में भारत में कैंसर से संबंधित कुछ चौंकाने वाले आंकड़े भी सामने आए हैं:

- भारत में प्रत्येक वर्ष 16 मिलियन कैंसर से संबंधित नए मामले दर्ज किए जाते हैं।
- लगभग 7 लाख से ज्यादा लोगों की मौत कैंसर के कारण होती हैं।
- भारत में होने वाले छह मुख्य कैंसर में स्तन कैंसर, मुंह का कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, फेफड़े का कैंसर, पेट का कैंसर और कोलोरेक्टल कैंसर शामिल है।

कैंसर का इलाज काफी लंबा चलता है और कई लोग अपनी इससे अपनी जिंदगी की जंग हार जाते हैं। शुरुआती स्टेज में ही इसके लक्षणों की पहचान कर इस गंभीर होने से रोका जा सकता है। आइए जानते हैं कि पुरुषों को कैंसर से जुड़े किन लक्षणों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

पेशाब में दिक्कत

बढ़ती उम्र के साथ पुरुषों में पेशाब से जुड़ी परेशानी बढ़ जाती हैं। रात में बार-बार बाथरूम जाने की जरूरत पड़ती है। कई बार पेशाब कंट्रोल भी नहीं हो पाता है। पेशाब के समय जलन महसूस होती है और कभी-कभी इससे खून भी आने लगता है। प्रोस्टेट ग्लैंड के बढ़ जाने की वजह से ये लक्षण सामने आते हैं। ये प्रोस्टेट कैंसर भी हो सकता है। ऐसी कोई भी परेशानी आपको महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें। वो आपके खून या प्रोस्टेट की जांच करा सकते हैं।

World Cancer Day 2022: 35 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं जल्द करवा ले ये 3 टेस्‍ट, वरना ये कैंसर ले सकता है जान

मल त्याग में बदलाव

अचानक दस्त, कब्ज या पतले दस्त बृहदान्त्र और मलाशय के कैंसर की ओर इशारा करता है। आंतों में जलन और संक्रमण के लिए जांच शुरू की जानी चाहिए।

World Cancer Day 2022: बेहद गंभीर माना जाता है फेफड़ों का कैंसर, इन लक्षणों के दिखते ही हो जाइए सावधान

त्वचा में बदलाव

अगर आपकी त्वचा पर तिल या मस्सा है तो इसके आकार या रंग में बदलाव आ सकता है। स्किन पर कुछ धब्बे अचानक दिख सकते हैं। अगर आपको कुछ भी ऐसा दिखता है तो ऐसे में आपको लापरवाही न बरतते हुए तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। डॉक्टर आपका बायोप्सी कराने की सलाह दे सकता है।

निगलने में दिक्कत

कैंसर की वजह से कुछ लोगों को समय-समय पर निगलने में दिक्कत महसूस होती है। अगर निगलने में दिक्कत के साथ-साथ आपका वजन भी अचानक से कम हो रहा है या उल्टी हो रही है तो आपको डॉक्टर से तुरंत मिलना चाहिए। वो आपको गले या पेट के कैंसर की जांच कर सकता है। गले की जांच के लिए आपका बेरियम एक्स-रे किया जा सकता है।

सीने में जलन

अगर आपको अक्सर सीने में जलन महसूस होती है और डाइट में बदलाव के बाद भी ये जलन कम नहीं होती है तो आपको इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सीने में बहुत ज्यादा जलन पेट या गले के कैंसर से जुड़ा हो सकता है। इसलिए बिना समय गंवाए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

मुंह में बदलाव

अगर आप स्मोकिंग करते हैं या फिर तंबाकू खाते हैं तो आपको माउथ कैंसर होने की संभावना अधिक रहती है। इसकी वजह से आपके मुंह में और होठों पर पर सफेद, लाल, भूरे या पीले रंग के धब्बे नजर आ सकते हैं। आपको मुंह में एक घाव भी महसूस हो सकता है जो अल्सर जैसा दिखाई देता है। ऐसे में डॉक्टर से तुरन्त संपर्क करें।

तेजी से वजन घटना

अगर आपका वजन तेजी से कम हो रहा है तो ये पैंक्रियाज, पेट या फिर लंग कैंसर का लक्षण हो सकता है। ब्लड टेस्ट के जरिए इसकी सही जानकारी मिल सकती है।

टेस्टिकल्स में बदलाव

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार टेस्टिकल में गांठ, भारीपन या कोई भी बदलाव दिखने तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय रहते इसका इलाज किया जा सकता है। इसे पता लगाने के लिए डॉक्टर आपका ब्लड टेस्ट और अल्ट्रासाउंड करा सकते हैं।

छाती में बदलाव

छाती में किसी तरह का गांठ महसूस होना पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर का लक्षण हो सकता है। आमतौर पर पुरुष ब्रेस्ट से जुड़े इन लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं जिसकी वजह से इसका पता एडवांस स्टेड पर जाकर चलता है। डॉक्टर्स का कहना है कि पुरुषों को गांठ से जुड़े किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

थकान

काम करने के बाद थकान महसूस होना और पूरा आराम करने के बाद भी थकान बनी रहना दोनों अलग चीज है। अगर आपको भी इस तरह की बहुत ज्यादा थकान लगती है और इसकी वजह से आप अपने रोजमर्रा के काम भी नहीं कर पा रहे हैं तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

अत्यधिक खांसी आना

अत्यधिक खांसी आमतौर पर कैंसर का लक्षण नहीं है और ये 3-4 हफ्ते में अपने आप ठीक हो जाता है। हालांकि, अगर आपकी खांसी 4 हफ्ते के बाद कम या ठीक नहीं हो रही और सांस लेने में परेशानी हो रही तो ये लंग कैंसर का लक्षण हो सकता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर आपका एक्स-रे करा सकता है।