कई लोगों को सुबह उठते ही शरीर में दर्द या जकड़न महसूस होती है। खासकर कंधों में भारीपन, पीठ में अकड़न या पैरों में दर्द जैसी शिकायतें आम हो जाती हैं, जबकि उन्होंने कोई कठिन शारीरिक काम या एक्सरसाइज भी नहीं की होती। न कोई चोट लगी होती है और न ही ज्यादा थकाने वाली गतिविधि की होती है, फिर भी शरीर थका हुआ और दर्द से भरा लगता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में इस तरह की समस्या धीरे-धीरे काफी आम होती जा रही है और बहुत से लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं।
आखिर क्यों होता है ऐसा दर्द?डॉक्टरों के अनुसार, हर बार शरीर में होने वाला दर्द केवल मांसपेशियों पर पड़े दबाव या थकान की वजह से नहीं होता। कई बार यह शरीर के भीतर चल रही कुछ जैविक प्रक्रियाओं का संकेत भी हो सकता है। आधुनिक जीवनशैली में लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करना, पर्याप्त नींद न लेना, मानसिक तनाव और असंतुलित खानपान जैसी आदतें शरीर में हल्की सूजन यानी इंफ्लेमेशन को बढ़ा सकती हैं। यही सूजन धीरे-धीरे मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, अकड़न और थकान का कारण बनती है।
तनाव का भी पड़ता है शरीर पर असरस्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक बना रहने वाला मानसिक तनाव शरीर के लिए काफी नुकसानदेह हो सकता है। जब कोई व्यक्ति लगातार तनाव में रहता है, तो शरीर में कॉर्टिसोल और एड्रेनालिन जैसे हार्मोन अधिक मात्रा में बनने लगते हैं। शुरुआत में ये हार्मोन शरीर को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने में मदद करते हैं, लेकिन अगर तनाव लंबे समय तक बना रहे तो शरीर की नसें और मांसपेशियां लगातार तनाव की स्थिति में रहने लगती हैं। इसके कारण गर्दन, कंधों और पीठ में जकड़न, दर्द या भारीपन महसूस हो सकता है।
नींद पूरी न होना भी एक बड़ा कारणशरीर में दर्द की एक बड़ी वजह नींद की कमी भी हो सकती है। दरअसल, जब हम गहरी नींद में होते हैं, तभी शरीर खुद की मरम्मत करता है, ऊर्जा को दोबारा संतुलित करता है और मांसपेशियों को आराम मिलता है। अगर नींद पूरी न हो या रात में बार-बार टूटती रहे, तो यह प्राकृतिक प्रक्रिया सही तरीके से पूरी नहीं हो पाती। यही कारण है कि कई लोगों को बिना ज्यादा मेहनत किए भी सुबह उठते ही शरीर में थकान या दर्द महसूस होता है।
खानपान का भी होता है गहरा प्रभावशरीर में दर्द और सूजन का संबंध हमारे खानपान से भी जुड़ा होता है। अधिक मात्रा में प्रोसेस्ड फूड, रिफाइंड शुगर और अनहेल्दी फैट्स का सेवन शरीर में सूजन बढ़ा सकता है, जिससे मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। इसके विपरीत, फल, हरी सब्जियां, मेवे, बीज और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर भोजन शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं और मांसपेशियों को स्वस्थ बनाए रखते हैं। संतुलित आहार और अच्छी जीवनशैली अपनाकर इस तरह के दर्द से काफी हद तक बचा जा सकता है।